
केंद्र सरकार के एक देश एक चुनाव प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर हरियाणा के पूर्व गृहमंत्री और अंबाला से भाजपा प्रत्याशी अनिल विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा काम है और इसे देश की आजादी के समय ही लागू कर देना चाहिए था। विज ने कहा कि देश का बहुत सारा समय चुनावों में चला जाता है।
हिसार। केंद्र की मोदी कैबिनेट ने वन नेशन वन इलेक्शन के प्रस्ताव को बुधवार मंजूरी दे दी। अब राष्ट्र में लोकसभा चुनाव के साथ राज्यों के विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की राह खुलती नजर आ रही है। इस बाबत हरियाणा में पूर्व गृहमंत्री एवं अंबाला से भाजपा प्रत्याशी अनिल विज का बयान भी सामने आया है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में 'एक राष्ट्र एक चुनाव' को मंजूरी दिए जाने पर भाजपा उम्मीदवार अनिज विज ने कहा कि ये बहुत अच्छा काम है और अच्छा होता जब देश आजाद हुआ था हम तभी इसे लागू कर देते। हमारा देश का बहुत सारा समय चुनावों में जाता है। मोदी जी ने बहुत अच्छा फैसला किया है
सुशील गुप्ता की भी आई प्रतिक्रिया
वहीं, एक राष्ट्र, एक चुनाव पर हरियाणा आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि वे सिर्फ राजनीतिक ड्रामा करते हैं। यह उससे ज्यादा कुछ नहीं है। अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफा देकर जनता के बीच जाने का फैसला किया है। उन्होंने तय किया है कि अगर जनता उन्हें दोबारा चुनती है तो ही वे सीएम के उस पद पर बैठेंगे।
क्या है एक राष्ट्र, एक चुनाव
एक राष्ट्र, एक चुनाव (One Nation One Election) का अर्थ है कि राष्ट्र में लोकसभा और राज्यों के विधानसभा चुनाव एक साथ हों। प्रधानमंत्री मोदी लंबे समय से एक राष्ट्र और एक चुनाव की बात करते आए हैं। मौजूदा समय में राज्यों और देश के चुनाव अलग-अलग समय करवाए जाते हैं जिससे चुनावों में ज्यादा खर्च आता है। इसके साथ ही प्रशासनिक मशीनरी भी प्रभावित होती है।
हालांकि, इसे लागू करना इतना आसान भी नहीं है लोकसभा के पूर्व सचिव एसके शर्मा बताते हैं कि देश में एक राष्ट्र एक चुनाव व्यवस्था लागू करने के लिए संविधान में कई संशोधन करने की जरूरत पड़ेगी।
हरियाणा में कब है चुनाव
हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में पांच अक्टूबर को चुनाव होगा। पहले मतदान की तारीख एक अक्टूबर थी, जिसे बदलकर आयोग ने पांच अक्टूबर किया। वहीं चुनाव परिणाम की तारीख चार अक्टूबर थी, जिसे संशोधित कर आठ अक्टूबर कर दिया गया।
- Log in to post comments