Skip to main content

हरियाणा के तीन विधानसभा सीटों पर अपनों को अपनों से ही चुनौती मिलेगी। डबवाली और तोशाम विधानसभा सीटों पर एक ही परिवार के सदस्य एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते नजर आएंगे। डबवाली में आदित्य देवीलाल और दिग्विजय चौटाला के बीच मुकाबला है तो वहीं तोशाम में श्रुति चौधरी अपने भाई अनिरुद्ध चौधरी को टक्कर देंगी।

चंडीगढ़। हरियाणा की तीन विधानसभा सीटों पर मुकाबला काफी रोचक होने वाला है। सिरसा जिले की डबवाली विधानसभा सीट पर जहां पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के परिवार के सदस्य अलग-अलग राजनीतिक दलों से एक दूसरे को चुनौती देते नजर आएंगे।

जींद जिले की उचाना विधानसभा सीट पर कांग्रेस व जजपा के उम्मीदवारों के सामने भाजपा के कामकाज पर अंगुली उठाना बड़ी चुनौती होगी। यह दोनों उम्मीदवार भाजपा सरकार का हिस्सा रह चुके हैं

भिवानी जिले की तोशाम विधानसभा सीट ऐसी है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के परिवार के सदस्यों चचेरे-भाई बहन के बीच चुनावी रण में मुकाबला होगा।

डबवाली में चौटाला परिवार के बीच मुकाबला

विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने की अंतिम तारीख 12 सितंबर है। अभी तक राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से 87 पर भाजपा अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है, जबकि 42 पर कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे हैं।

इनेलो-बसपा गठबंधन और जजपा-आसपा गठबंधन के साथ आम आदमी पार्टी भी कई सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुके हैं। बुधवार तक सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा हो जाएगी।

इस बार रोचक मुकाबला डबवाली सीट पर होगा, जहां रिश्ते में चाचा-भतीजे लगने वाले चौटाला परिवार के सदस्य चुनावी रण में उतरेंगे।

आदित्य और दिग्विजय चौटाला देंगे एक-दूसरे को चुनौती

जननायक जनता पार्टी ने डबवाली सीट पर पार्टी के प्रधान महासचिव एवं ओमप्रकाश चौटाला के पोते दिग्विजय चौटाला को चुनावी रण में उतारा है। भाजपा से बगावत करने वाले आदित्य देवीलाल को इनेलो ने टिकट दिया है। चौधरी देवीलाल के पोते और ओमप्रकाश चौटाला के भतीजे आदित्य देवीलाल भाजपा सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।

भाजपा ने यहां नये चेहरे के रूप में सरदार बलदेव सिंह मांगीयाना को टिकट दिया है। इस सीट पर कांग्रेस का उम्मीदवार आना बाकी है, लेकिन मुख्य मुकाबला चाचा आदित्य देवीलाल और भतीजे दिग्विजय चौटाला के बीच होने वाला है।

बंसीलाल की राजनीतिक विरासत पर कब्जे की लड़ाई

तोशाम हलके में पूर्व सीएम बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। यहां कांग्रेस ने बंसीलाल के पोते और रणबीर महेंद्रा के बेटे अनिरुद्ध चौधरी को चुनावी रण में उतारा है।

दोनों बंसीलाल की राजनीतिक विरासत पर कब्जे को लेकर लड़ते नजर आएंगे। श्रुति चौधरी ने कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष पद पर रहते हुए भाजपा के खिलाफ जमकर लड़ाई लड़ी थी। अब वह भाजपा की नीतियों का प्रचार कर रही हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व सांसद में होगा कड़ा मुकाबला

उचाना विधानसभा सीट पर कांग्रेस की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के पूर्व सांसद बेटे बृजेंद्र सिंह चुनाव मैदान में हैं तो जननायक जनता पार्टी की तरफ से पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ताल ठोंक रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि दोनों प्रत्याशी साढे चार साल तक भारतीय जनता पार्टी के साथ सत्ता में हिस्सेदार रहे हैं। ऐसे में इनके सामने बड़ी चुनौती वर्तमान सरकार को घेरने के साथ ही एक-दूसरे को हराने की रहेगी।