Skip to main content

प्रदीप त्रिपाठी ने दैनिक जागरण को फोन पर बताया कि बेटे की ओर से जानकारी देने के बाद उन्होंने पूर्व सांसद मेनका गांधी के निजी सचिव कैलाश सिंह से बात की। पूर्व सांसद ने जिलाधिकारी और एसपी से वार्ता की। इसके बाद रेलकर्मी काम पर लगे। रेलवे के बिजली विभाग के अवर अभियंता टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

सुलतानपुर:- रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर लगी लिफ्ट में गुरुवार की रात दो यात्री करीब ढाई घंटे तक फंसे रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सुलतानपुर से सांसद रहीं मेनका गांधी ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना से अवगत कराया। इसके बाद रेल महकमा हरकत में आया। मशीन से लॉक काटकर यात्रियों को निकाला गया।

कोतवाली नगर के महुअरिया त्रिपाठी ने महामना एक्सप्रेस के कोच संख्या ए टू में सीट नंबर 40, 41, 42, 47 की बुकिंग कराई थी। ट्रेन से उनकी पत्नी अमृषा त्रिपाठी, बेटा आदर्श, बेटी श्रेया और श्रद्धा को दिल्ली जाना था। आदर्श के दोस्त कुशाग्र तिवारी सभी को पहुंचाने के लिए गुरुवार की रात करीब आठ बजे स्टेशन पहुंचे। आदर्श अपनी मां और बहनों को प्लेटफार्म तीन पर बैठाकर साथी के साथ ट्रेन की जानकारी करने लिफ्ट से प्लेटफार्म नंबर एक के पूछताछ काउंटर पर पहुंचे। वापस लौटते समय लिफ्ट में खराबी आने से वे फंस गए।

प्रदीप त्रिपाठी ने दैनिक जागरण को फोन पर बताया कि बेटे की ओर से जानकारी देने के बाद उन्होंने पूर्व सांसद मेनका गांधी के निजी सचिव कैलाश सिंह से बात की। तब पूर्व सांसद ने जिलाधिकारी और एसपी से वार्ता की। इसके बाद रेलकर्मी काम पर लगे। रेलवे के बिजली विभाग के अवर अभियंता टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मशीन तोड़कर दोनों को लिफ्ट से बाहर निकाला। तब उनके बेटे और कुशाग्र ने राहत की सांस ली। उन्होंने इसके लिए पूर्व सांसद मेनका गांधी के प्रति आभार जताया और जीआरपी के सिपाही पर बेटे से अभद्रता करने का आरोप लगाया

पूर्व सांसद ने भाजपा नेता को भी दी थी जानकारी

मेनका गांधी ने उत्तर रेलवे यात्री सलाहकार बोर्ड के सदस्य और भाजपा के पूर्व महामंत्री शशि कांत पांडेय से बात कर घटना की जानकारी दी। तब शशिकांत ने उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा मंत्री पंकज दुबे से वार्ता की। पंकज ने स्टेशन अधीक्षक और रेलवे के बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी को प्रकरण से अवगत कराया।

निरस्त करनी पड़ी यात्रा

इस घटना के बाद प्रदीप त्रिपाठी के परिवारजन को यात्रा निरस्त करनी पड़ी। आदर्श और साथ कुशाग्र के लिफ्ट में फंसने के बाद स्टेशन पर गए परिवार के सभी सदस्य गहरे सदमे में आ गए।

लॉक काटकर निकाल गए यात्री

रेलवे बिजली विभाग के अवर अभियंता धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लिफ्ट का लॉक काटकर दोनों यात्रियों को सकुशल निकाला गया।

News Category