Skip to main content

बरेली समाचार

बरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य को वर्ष 2024 के उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया है। यह सम्मान लखनऊ में रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और उत्तर प्रदेश पुलिस के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

एसएसपी अनुराग आर्य को यह सम्मान जनपद बरेली में प्रभावी अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित व संतुलित कार्रवाई के लिए दिया गया। मुख्यमंत्री ने उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में ऐसे अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।

बताया गया कि 26 सितंबर 2025 को बरेली में माहौल खराब करने की कोशिश की गई थी। उस समय एसएसपी अनुराग आर्य ने धैर्य, संयम और सख्ती के साथ हालात को संभालते हुए त्वरित पुलिस कार्रवाई कराई, जिससे शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनी रही। इसी प्रभावी नेतृत्व को ध्यान में रखते हुए उन्हें उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चुना गया।

सीरियल किलिंग केस के खुलासे से मिली पहचान

वर्ष 2024 में बरेली का चार्ज संभालने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने शाही थाना क्षेत्र के चर्चित सीरियल किलिंग मामले का सफल खुलासा किया था। शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्रों में एक वर्ष के भीतर करीब 11 महिलाओं की हत्या की घटनाएं सामने आई थीं, जिनका खुलासा बरेली पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। इससे पहले कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यकाल में भी यह गुत्थी नहीं सुलझ पाई थी।

एसएसपी अनुराग आर्य ने इस मामले को प्राथमिकता देते हुए गहन जांच कराई और नवाबगंज निवासी कुलदीप गंगवार को गिरफ्तार कर छह हत्याओं का खुलासा किया। इस कार्रवाई से न केवल मामले की परतें खुलीं, बल्कि पुलिस की कार्यकुशलता और आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ।

उत्कृष्ट सेवा पदक मिलने के बाद पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है। बरेली पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसएसपी अनुराग आर्य को बधाई देते हुए इसे पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया।

News Category