लखनऊ: खामेनेई के निधन पर तीन दिन का शोक, काले परचम लगाने की अपील
सुनील यादव लखनऊ
लखनऊ: ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के निधन पर राजधानी लखनऊ में तीन दिन के शोक का ऐलान किया गया है।
इस संबंध में शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने अपील जारी करते हुए इमामबारगाहों और घरों पर काले परचम लगाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यह शोक केवल एक देश का नहीं बल्कि पूरी उम्मत का है, इसलिए सभी लोग एकजुट होकर श्रद्धांजलि अर्पित करें।
मौलाना कल्बे जवाद ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों से भी अपील की है कि वे सम्मान स्वरूप अपने संस्थान बंद रखें। उन्होंने बताया कि आज रात 8 बजे लखनऊ के ऐतिहासिक छोटा इमामबाड़ा में एक विशेष शोकसभा आयोजित की जाएगी।
इस शोकसभा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। सभा के बाद कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा, जिसमें शहर के विभिन्न इलाकों से लोग भाग लेंगे।
छोटे इमामबाड़े में शोकसभा, देशभर में एक साथ कार्यक्रम की अपील
आयोजकों ने देशभर के लोगों से एक साथ शोकसभा आयोजित करने की अपील की है। साथ ही सभी धर्मों के लोगों से भी इस कार्यक्रम में शामिल होकर एकजुटता दिखाने का आग्रह किया गया है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की संभावना है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
लखनऊ में तीन दिन तक विभिन्न इमामबारगाहों में मजलिस और दुआ का आयोजन किया जाएगा। शोक की इस अवधि में काले परचम लगाए जाएंगे और दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी। यह कार्यक्रम शहर की धार्मिक और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जा रहा है।
- Log in to post comments
- 1 view