Skip to main content

 

चर्चित महाजन अस्पताल मे 4 लाख वसूली के आरोप युवक की मौत के बाद खूब कटा हंगामा

चर्चित महाजन अस्पताल मे 4 लाख वसूली के आरोप युवक की मौत के बाद खूब कटा हंगामा

बरेली। शहर के स्टेडियम रोड स्थित चर्चित महाजन अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है।

इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और चार लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ, जिसके चलते पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
परिवार की ओर से थाना बारादरी में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

सड़क हादसे के बाद भर्ती, हालत स्थिर बताने का दावा मिली जानकारी के अनुसार, फरीदपुर क्षेत्र के निवासी धारम ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके भतीजे महेंद्र पाल 16 फरवरी को ग्वालियर में हुए सड़क हादसे में घायल हो गए थे।

प्राथमिक उपचार के बाद 17 फरवरी को उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली के महाजन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों का आरोप है कि 28 फरवरी तक अस्पताल की ओर से मरीज की हालत सामान्य और स्थिर बताई जाती रही। इसी दौरान डिस्चार्ज की तैयारी में पूरा भुगतान जमा करा लिया गया। डॉक्टर की सलाह पर एक दिन और रुकने का निर्णय लिया गया, लेकिन उसी रात मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

ड्यूटी प्रक्रिया पर सवाल, परिजनों ने जताई आपत्ति परिवार का आरोप है कि देर रात ड्यूटी स्टाफ ने डॉक्टर के निर्देश पर मरीज के हाथ बांधकर नाक में नली डालने की प्रक्रिया की।

परिजनों का कहना है कि यह प्रक्रिया सही तरीके से नहीं की गई और विरोध के बावजूद दोबारा प्रयास किया गया।
कुछ ही देर बाद महेंद्र की हालत गंभीर हो गई और उनकी मृत्यु हो गई।

अस्पताल प्रशासन ने मौत का कारण हृदयाघात (कार्डियक अरेस्ट) बताया है, जबकि परिजन इसे इलाज में लापरवाही का परिणाम बता रहे हैं। परिजनों ने मेडिकल दस्तावेज उपलब्ध कराने में भी टालमटोल का आरोप लगाया है।

अस्पताल परिसर में हंगामा, पुलिस बल तैनात
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ने पर बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई। देर रात तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फरीदपुर विधायक के बेटे ईशान पहुंचे, हर संभव मदद का भरोसा घटना की जानकारी मिलते ही फरीदपुर विधायक के बेटे ईशान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

बताया गया कि वे खुद थाना बारादरी में मौजूद रहे और अपने सामने परिवार की तहरीर लिखवाकर पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा।

पहले भी सुर्खियों में रहा अस्पताल गौरतलब है कि हाल ही में इसी अस्पताल में एक अन्य विवाद सामने आया था, जिसमें ICU के बाहर सो रही युवती से कथित अभद्रता का मामला चर्चा में रहा था। उस प्रकरण में भी पुलिस कार्रवाई हुई थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अस्पताल प्रबंधन का पक्ष अस्पताल संचालक राजेश कुमार महाजन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि मरीज की स्थिति पहले से गंभीर थी और अचानक कार्डियक अरेस्ट के कारण मृत्यु हुई।

उन्होंने चार लाख रुपये की जबरन वसूली के आरोपों से भी इनकार किया है और बिलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बताया है।

News Category