Kolkata Doctor Murder Case: गाजियाबाद में आज प्राइवेट अस्पतालों की OPD बंद, इमरजेंसी चालू; मरीजों को होगी परेशानी
OPD-IPD Service closed today कोलकाता में प्रशिक्षु महिला चिकित्सक की हत्या के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए आईएमए गाजियाबाद ने भी प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी सेवा बंद कर दी है। सुबह छह बजे से पैथोलॉजी जांच भी बंद है।शहर के सबसे बड़े अस्पताल यशोदा संतोष गणेश और सर्वोदय में भी ओपीडी बंद है।
गाजियाबाद। कोलकाता में महिला डॉक्टर के मर्डर की घटना के बाद गाजियाबाद के सरकारी और प्राइवेट चिकित्सक बेहद दुखी हैं और इस घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी में हैं।
शुक्रवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन(IMA) गाजियाबाद की अध्यक्ष डा. वाणीपुरी ने पत्रकार वार्ता में घोषणा की है कि शनिवार सुबह छह बजे से लेकर रविवार सुबह छह बजे तक मेडिकल सेवाएं निलंबित रहेंगी
नॉन इमरजेंसी में आने वाले ऑपरेशन भी नहीं होंगे
प्राइवेट चिकित्सक, हॉस्पिटल, पैथालॉजी लैब और डायग्नोस्टिक सेंटर बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी। नॉन इमरजेंसी में आने वाले ऑपरेशन भी नहीं किए जाएंगे। शहर के एक हजार से अधिक चिकित्सक ओपीडी बंद करने के साथ इस घटना को लेकर अपने अपने तरीके से विरोध करेंगे।
अध्यक्ष का कहना है कि यह महिला चिकित्सक ही नहीं समाज की हर महिला की सुरक्षा का मामला है। यह स्ट्राइक एक ऐतिहासिक स्ट्राइक होगी, जिससे केंद्र सरकार के साथ प्रदेश सरकार सोचने को मजबूर होगी एवं दरिदों को कठोर से कठोर सजा के साथ चिकित्सकों की सुरक्षा सर्वोपरि को लेकर गंभीर होगी।
स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर कानून हो पास
मांग की है कि लोकसभा में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर कानून पास होना चाहिए। इस मौके पर यशोदा हास्पिटल से डा. संगीता और गणेश हॉस्पिटल से डा. अर्चना शर्मा भी मौजूद रहीं। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों ने काला फीता बांधकर ओपीडी में मरीज देखे।
जिला एमएमजी अस्पताल में सीएमएस डा.राकेश कुमार सिंह, डा. संतराम वर्मा, डा. दिव्या द्विवेदी, डा. नरेन्द्र ने फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला महिला अस्पताल में सीएमएस डा. अल्का शर्मा, डा. प्रियंका, डा.सुषमा, तृषा चंदेल समेत सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने फीता बांधकर विरोध किया।
संयुक्त अस्पताल में डा.रविंद्र राणा, डा.मदनलाल, डा. गौरव, डा. रणजीत ने विरोध किया। सीएचसी लोनी, 50 बेड के लोनी अस्पताल, सीएचसी डासना और पीएचसी भोजपुर में डा.भारत भूषण की देखरेख में काला फीता बांधकर मरीज देखे गए।
- Log in to post comments