Skip to main content

दिल्लीवासी हो जाएं सावधान! अगले तीन दिनों तक होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। सोमवार और मंगलवार को गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पीतमपुरा में सबसे अधिक 70.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। धौला कुआं के आसपास भी तेज बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है।

 राजधानी में येलो अलर्ट के बीच शुक्रवार को कुछ इलाकों में तेज और भारी वर्षा हुई। पीतमपुरा में सबसे अधिक 70.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा धौला कुआं के आसपास भी तेज वर्षा हुई। वर्षा होने के कारण पिछले दिन के मुकाबले तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। इससे उमस भरी गर्मी से राहत रही।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मंगलवार तक के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने रविवार से मंगलवार तक तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस वजह से रविवार से मंगलवार तक हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। सोमवार व मंगलवार को गरज के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

पीतमपुरा इलाके में हुई सर्वाधिक बारिश

बृहस्पतिवार की रात दिल्ली में 4.3 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। इसके बाद सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक पीतमपुरा में 70.5 मिलीमीटर, रिज एरिया में 37.6 मिलीमीटर, दिल्ली विश्वविद्यालय में 37 मिलीमीटर, पूसा के पास सात मिलीमीटर, मयूर विहार में 3.5 मिलीमीटर व आया नगर में 0.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। सुबह साढ़े आठ बजे से 11.30 बजे के बीच ज्यादा वर्षा हुई। इस दौरान ही पीतमपुरा में सबसे अधिक 70 मिलीमीटर वर्षा हुई।

धौला कुआं में नहीं था अलर्ट, फिर भी हुई तेज बारिश

धौला कुआं के पास मौसम विभाग का कोई केंद्र नहीं है लेकिन इसके आसपास भी तेज वर्षा हुई। यहां भारी वर्षा का अलर्ट नहीं था। दिल्ली विश्वविद्यालय में 36.5 मिलीमीटर व रिज एरिया में 32.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सफदरजंग के पास हुई वर्षा को दिल्ली का औसत माना जाता है लेकिन वहां वर्षा नहीं हुई। मौसम विभाग के महानिदेशक एम महापात्रा ने कहा कि मानसून अभी सक्रिय है। इस दौरान किसी-किसी पॉकेट में तेज वर्षा होने की संभावना रहती है। इसके लिए स्थानीय कारक सहित कई अन्य कारण होते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है। इसके एक दिन पहले दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस था।

दिल्ली में 27वें दिन भी संतोषजनक श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता

दिल्ली में लगातार 27वें दिन भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार अगले तीन दिन भी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में बनी रहेगी। सीपीसीबी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 76, फरीदाबाद का 68, गाजियाबाद का 77, ग्रेटर नोएडा का 91, गुरुग्राम का 63 व नोएडा का एयर इंडेक्स 84 रहा। इस वजह से एनसीआर के सभी शहरों में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही।

News Category