Kolkata Doctor Case: संदीप घोष के बाद अब ASI अनुप दत्ता का भी होगा पॉलीग्राफ टेस्ट, आरोपी संजय रॉय से क्या है कनेक्शन?
Kolkata Doctor Rape-Murder Case कोलकाता डॉक्टर दुष्कर्म-हत्याकांड मामले में सीबीआई तेजी से जांच आगे बढ़ा रही है। जांच एजेंसी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष का पॉलीग्राफ टेस्ट करा लिया है। अब एजेंसी शहर के पुलिस सहायक उप-निरीक्षक अनुप दत्ता का भी टेस्ट कराएगी। सूत्रों के अनुसार सीबीआई को दत्ता का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति मिल गई है।
कोलकाता। आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के बाद सीबीआई ने कोलकाता की एक अदालत से शहर के पुलिस सहायक उप-निरीक्षक अनुप दत्ता का पॉलीग्राफ टेस्ट करने की अनुमति मांगी है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सीबीआई सूत्रों के हवाले से बताया कि अनुप का टेस्ट कराने की सीबीआई को अनुमति मिल भी गई है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार अनुप दत्ता के बारे में कहा जाता है कि वह कोलकाता दुष्कर्म-हत्याकांड मामले में गिरफ्तार आरोपी संजय रॉय के करीबी थे। पुलिस अधिकारियों ने एजेंसी को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि सीबीआई यह पता लगा रही है कि क्या दत्ता ने अपराध को छुपाने में रॉय की मदद की थी।
आरोपी को लाभ पहुंचाने का संदेह
अधिकारियों ने कहा कि रिपोर्टों के मुताबिक रॉय को विभिन्न लाभ पहुंचाने में दत्ता ने कथित तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सीबीआई यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या रॉय ने अपराध के बारे में दत्ता को बताया था और क्या उन्हें कोई मदद मिली थी। इधर, अधिकारियों ने एजेंसी को बताया कि सीबीआई ने मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष का पॉलीग्राफ टेस्ट मंगलवार को पूरा किया, जो कि डिसेप्शन डिटेक्शन टेस्ट (डीडीटी) की श्रृंखला का तीसरा दिन था।
संदीप घोष का पॉलीग्राफ टेस्ट पूरा
जानकारी के अनुसार शनिवार को घोष का लेयर्ड वॉयस एनालिसिस टेस्ट हुआ। उसके बाद सोमवार को पॉलीग्राफ टेस्ट हुआ। सोमवार को परीक्षण पूरा नहीं हो सका, इसलिए इसे मंगलवार को दोबारा शुरू किया गया। गौरतलब है कि पॉलीग्राफ टेस्ट, जिसे डीडीटी भी कहा जाता है, संदिग्धों और गवाहों के बयानों में झूठ का पता लगाने में मदद कर सकता है। उनकी मनोवैज्ञानिक प्रतिक्रियाओं जैसे कि- हृदय गति, सांस लेने के पैटर्न, पसीना और रक्तचाप आदि की निगरानी करके यह पता लगाया जाता है कि क्या उनकी प्रतिक्रियाओं में विसंगतियां हैं।
- Log in to post comments