Skip to main content

Who is Kaivalya Vohra हुरुन इंडिया ने गुरुवार को सबसे अमीर भारतीयों की लिस्ट (Hurun India Rich List) जारी की है जिसमें 300 से अधिक भारतीय अरबपति बताए गए हैं। बड़े-बड़े बिजनेसमैन फिल्मी सितारों और विभिन्न क्षेत्र के दिग्गजों से सजी इस लिस्ट में 21 साल के युवक ने भी अपनी जगह बनाई है जिसकी संपत्ति तीन हजार करोड़ रुपये से भी अधिक बताई गई है।

 हुरुन इंडिया ने अमीरों की नई लिस्ट जारी की है, जिसके अनुसार गौतम अदाणी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। रिपोर्ट में 300 से अधिक अरबपति भारतीयों के नाम शामिल हैं।

हालांकि, गौर करने वाली बात यह है कि अरबपतियों की सूची में 21 साल के एक युवक का भी नाम है और वह लिस्ट में सबसे कम उम्र का शख्स है। इस युवक का नाम है कैवल्य वोहरा। रिपोर्ट के मुताबिक 21 वर्षीय कैवल्य की कुल संपत्ति तकरीबन 3,600 करोड़ रुपये है।

स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में की पढ़ाई

बता दें कि कैवल्य वोहरा, ऑनलाइन कॉमर्स डिलीवरी ऐप जेप्टो के सह-संस्थापक हैं। वहीं जेप्टों के दूसरे सह-संस्थापक आदित पालीचा, जिनकी उम्र 22 वर्ष है, सूची में दूसरे सबसे कम उम्र के अरबपति हैं। कैवल्य वोहरा और आदित पालिचा, दोनों स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में कंप्यूटर साइंस के छात्र थे। हालांकि, दोनों ने पढ़ाई बीच में छोड़ आंत्रप्रेन्योरशिप शुरू करने का फैसला किया।

दोनों दोस्तों ने कोविड महामारी के दौरान आवश्यक वस्तुओं की जल्द और संपर्क रहित डिलीवरी की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 2021 में Zepto की शुरुआत की। रिपोर्ट के अनुसार 19 साल की उम्र में कैवल्य वोहरा ने वेल्थ-हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। तब से हर साल वह इस सूची में शामिल होते रहे हैं।)

2020 में शुरू की पहली कंपनी

कैवल्य की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार उन्होंने दुबई कॉलेज से स्कूली पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद स्टैनफोर्ड में कम्प्यूटर साइंस प्रोग्राम में एडमिशन लिया। उन्होंने मई 2020 में किरानाकॉर्ट नामक प्लेटफॉर्म की भी स्थापना की थी।

बहरहाल, हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के मुताबिक 134 शहरों में रिकॉर्ड 1,539 भारतीयों के पास अब औसतन 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो कि सात साल पहले की तुलना में 150 प्रतिशत अधिक है। सूची के अनुसार, पिछले साल देश में हर पांच दिन में एक नया अरबपति बना।