सप्ताह में तीन दिन के लिए चलने वाली उदयपुर वंदे भारत से 613 किलो मीटर का सफर आठ घंटे 45 मिनट में पूरा होगा। ये ट्रेन सोमवार गुरुवार और शनिवार को चलेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए पानी की बोतले और खाने पीने का प्रबंध है। इस ट्रेन के संचालित होने से आगरा से राजस्थान जाने वाले यात्रियों को सुविधा में बढ़ोत्तरी होगी।
आगरा। रेल मंडल आगरा की तीसरी वंदे भारत का संचालन सोमवार से शुरू हो गया। उदयपुर वंदे भारत निर्धारित समय से 30 मिनट पहले दोपहर दो बजे कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची। 12 कोच में 900 सीट थीं। ट्रेन में 67 यात्री सवार थे। दोपहर तीन बजे 117 यात्रियों को लेकर ट्रेन उदयपुर के लिए रवाना हुई। कैंट स्टेशन में पहली बार वंदे भारत का स्वागत नहीं हुआ। जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन
उदयपुर से आगरा के लिए सप्ताह में तीन दिन सोमवार, गुरुवार और शनिवार को वंदे भारत चलेगी। पहले दिन यह ट्रेन उदयपुर से सुबह 5.45 बजे रवाना हुई। 613 किमी की दूरी 8.45 घंटे में तय करनी थी। ट्रेन की अधिकतम गति 160 किमी प्रति घंटा रही। औसत गति की बात की जाए तो यह 120 से 140 किमी रही। ट्रेन 30 मिनट पहले आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची। प्लेटफार्म नंबर पांच पर रुकी ट्रेन से उतरे यात्री भोजराज ने बताया कि अधिकांश सीटें खाली पड़ी हुई थीं। सुरक्षा के ठीक इंतजाम थे। खाना भी ठीक से दिया गया। पानी की दो बोतलें मुफ्त में दी गईं।
समय से पहले पहुंची ट्रेन
यात्री शिवगोपाल गुप्ता ने बताया कि पहली बार वंदे भारत निर्धारित समय से पहले कैंट स्टेशन पहुंच गई। उदयपुर से आगरा 67 यात्री आए। 63 यात्री चेयरकार और चार एग्जीक्यूटिव श्रेणी के थे। आगरा से 117 यात्री सवार हुए। इसमें 114 चेयरकार और तीन एग्जीक्यूटिव श्रेणी में थे। 12 कोच की ट्रेन में दस चेयरकार कोच हैं। एक कोच में 78 यात्री सफर कर सकते हैं। दो कोच एग्जीक्यूटिव श्रेणी के हैं। एक कोच में 56 यात्री सफर कर सकते हैं।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि उदयपुर वंदे भारत सप्ताह में तीन दिन चलेगी।
इन स्टेशनों पर ठहराव
राणा प्रताप नगर, मावली, चंदेरिया, बूंदी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी।
यह है किराया
आगरा कैंट से गंगापुरसिटी तक : चेयरकार श्रेणी 605 रुपये, एग्जीक्यूटिव श्रेणी 1165 रुपये, सवाई माधोपुर तक चेयरकार का 710 और एग्जीक्यूटिव का 1370 रुपये, कोटा तक चेयरकार का 895 रुपये, एग्जीक्यूटिव श्रेणी 1865 रुपये, चंदेरिया तक चेयरकार 1365 रुपये, एग्जीक्यूटिव का 2485 रुपये, मावली तक चेयरकार का 1495 रुपये, एग्जीक्यूटिव का 2760 रुपये, राणा प्रताप नगर तक चेयरकार का 1540 रुपये, एग्जीक्यूटिव का 2865 रुपये, उदयपुर तक 1560 रुपये, एग्जीक्यूटिव का 2895 रुपये।
- Log in to post comments