टिकट नहीं मिलने से बीजेपी के कई कार्यकर्ता नाराज चल रहे हैं। साथ ही कई पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कई मौजूदा विधायकों का टिकट कटा है। साथ ही कई नेता पहले से टिकट की आस लगाए बैठे थे उन्हें निराशा हाथ लगी है। रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने बीजेपी से अपना सफर खत्म कर लिया है।
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने बुधवार को 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। कई नेताओं के टिकट कटने से पार्टी में बगावत के सुर फूट पड़े। इसके बाद कई पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इस बीच को बीजेपी को बड़ा झटका लगा है।
रतिया से बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बीजेपी ने अपनी पूर्व सिरसा सांसद सुनीता दुग्गल को रतिया विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। इससे विधायक लक्ष्मण नापा नाराज हो गए। वे आज 3 बजे कांग्रेस ज्वाइन करेंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन का टिकट कटने से नाराज पदाधिकारियों ने इस्तीफे देने शुरू कर दिए हैं।
रात साढ़े 10 बजे तक पार्षद इंदु वलेचा समेत 26 से अधिक पदाधिकारी अपने पदों से इस्तीफे दे चुके हैं। सभी पदाधिकारियों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए पद छोड़ने की घोषणा कर दी।
देर रात तक इस्तीफों का दौरा जारी था
पार्टी के पदों से इस्तीफा देने वालों में पार्षद इंदु वलेचा व उनके पति संजीव वलेचा, महाराजा अग्रसेन मंडल के किसान मोर्चे के अध्यक्ष अशोक, मंडल महामंत्री रजत जैन, आनंद कुमार, मनजीत दहिया, मुकेश एंडी, नरेंद्र जोगी, मंडल अध्यक्ष मुकेश बतरा, सोनीपत विधानसभा के चुनाव प्रभारी अमित कुमार, संजय ठेकेदार, सोमवीर, दीपक पांचाल, जोगेंद्र प्रजापति, मनोज धानिया, जगदीश छिक्कारा, रमापति उपाध्याय, धनीराम व पूर्व पार्षद मनोज शर्मा समेत कई अन्य ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। देर रात तक इस्तीफों का दौरा जारी था।
क्या बोले सीएम सैनी
वहीं, पहली सूची जारी होने पर सीएम नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा सीट से टिकट देने के लिए बीजेपी, पीएम मोदी, जेपी नड्डा और अमित शाह का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि मुझ पर विश्वास और लाडवा से उम्मीदवार बनाने पर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद।
अनिल विज ने कही ये बात
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अंबाला कैंट निर्वाचन क्षेत्र से नामित होने पर भाजपा नेता अनिल विज ने कहा कि मैं और अधिक काम करूंगा। लोगों का और विश्वास जीतूंगा। पार्टी को और ज्यादा आगे लेकर जाएंगे और कड़ी मेहनत करेंगे। 'काम किया है, काम करेंगे' यह मेरा मुख्य नारा रहा है।
- Log in to post comments