काश मैं वंदे भारत से यूक्रेन जा पाता', जयशंकर ने बताया चीन के साथ क्या है समस्या? कहा- यूरोप अमरिका भी कर रहे बहस
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीन के साथ रिश्तों को लेकर अहम बयान देते हुए कहा कि भारत के सामने चीन को लेकर विशेष समस्या है। उन्होंने कहा कि इस पर भारत ही नहीं दुनिया के अन्य देश भी बहस कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने चीनी निवेश की समीक्षा की जाने की जरूरत भी बताई।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि भारत के सामने चीन को लेकर एक विशेष समस्या है, जो दुनिया की चीन संबंधी सामान्य समस्या से अलग है। चीन के साथ संबंधों एवं सीमा पर स्थिति को देखते हुए वहां से होने वाले निवेश की समीक्षा की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन देशों की सीमा चीन से नहीं लगती, वे भी चीन से होने वाले निवेश की जांच कर रहे हैं। एक समाचार पत्र द्वारा आयोजित वर्ल्ड लीडर्स फोरम में उन्होंने कहा कि चीन कई मायनों में एक अनूठी समस्या है, क्योंकि वह एक अनूठी राजनीति है, वह एक अनोखी अर्थव्यवस्था है। जब तक कोई इस विशिष्टता को समझने की कोशिश नहीं करता, तब तक इससे निकाले जाने वाले निर्णय और नीतिगत कदमों में समस्या रहेगी।
- Log in to post comments