बरेली: विकलांग मूंगफली विक्रेता से मारपीट कर 4 हजार रुपये छीने, पुलिस से न्याय की गुहार
राष्ट्रीय ग्रामीण आवाज़ अवधेश शर्मा
बरेली: थाना सुभाष नगर क्षेत्र में एक विकलांग मूंगफली विक्रेता के साथ मारपीट कर रुपये छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला बदायूँ रोड स्थित नेकपुर गणेशनगर निवासी दुर्गपाल पुत्र सूरजपाल ने थाना सुभाष नगर में दी शिकायत में बताया कि वह एक पैर से विकलांग है और मूंगफली का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि 18 जनवरी 2026 को शाम करीब 4:30 बजे वह अपने चाचा राजेंद्र को उधार लिए ₹1000 लौटाने गया था। उसी दौरान पंडित दीनदयाल कॉलोनी निवासी अक्षय शर्मा शराब के नशे में वहां पहुंच गया।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने बिना किसी कारण के उसके साथ मारपीट की, जातिसूचक व अश्लील गालियां दीं और उसे अपमानित किया। आरोप है कि आरोपी ने उसके पास रखे ₹4000 जबरन छीन लिए और ठेला बंद कराने की धमकी भी दी।
दुर्गपाल का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार उसे परेशान कर चुका है और डराकर पैसे वसूलता रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद दिलीप और सुरेश ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और सुरक्षा देने की मांग की है।
- Log in to post comments
- 1 view