Skip to main content

बरेली: सऊदी में मुफ्ती असजद रजा खान की गिरफ्तारी पर चिंता,भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग

रियाद में सुन्नी बरेलवी धर्मगुरु की गिरफ्तारी, केंद्र से रिहाई के लिए पहल करने की अपील

मुफ्ती असजद रजा खान को बिना आरोप गिरफ्तार करने का दावा, विदेश मंत्री को भेजा पत्र

राष्ट्रीय ग्रामीण आवाज़ 

बरेली: सऊदी अरब में सुन्नी बरेलवी धर्मगुरु मुफ्ती असजद रजा खान कादरी की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद बरेली में चिंता जताई जा रही है। आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने भारत सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर उनकी जल्द रिहाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।

मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को संबोधित एक पत्र भेजकर कहा है कि विश्व प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान आला हजरत के पोते और ताजुश्शरिया के पुत्र मुफ्ती असजद रजा खान कादरी को सऊदी अरब की राजधानी रियाद से कथित तौर पर हिरासत में लिया गया है। उनका कहना है कि गिरफ्तारी किस आधार पर की गई, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

उन्होंने कहा कि मुफ्ती असजद रजा खान कादरी सुन्नी सूफी बरेलवी मुसलमानों के प्रमुख धर्मगुरुओं में गिने जाते हैं और देश-विदेश में उनके लाखों अनुयायी हैं। उनकी गिरफ्तारी की सूचना से मुस्लिम समुदाय के लोगों में चिंता और बेचैनी का माहौल है।

मौलाना ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सऊदी अरब की सरकार से बातचीत करे और मुफ्ती असजद रजा खान कादरी तथा उनके साथियों की जल्द रिहाई के लिए आवश्यक कदम उठाए।

इस मामले में काशानाए नूरी दरगाह आला हजरत, बरेली से जुड़े मौलाना मोहतशिम रज़ा खान नूरी ने भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस मामले में मानवीय आधार पर पहल करनी चाहिए ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और संबंधित लोगों को राहत मिल सके!