बरेली: मेहनत, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य से चमकीं सुरभि, मिली ऑल इंडिया रैंक 14
बरेली: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 14 हासिल करने वाली बरेली की सुरभि यादव हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और स्पष्ट लक्ष्य की बड़ी भूमिका रही। सुरभि का मानना है कि यूपीएससी की सिविल सर्विसेज जैसी कठिन परीक्षा में सफलता के लिए धैर्य, निरंतर अभ्यास और सही रणनीति बेहद जरूरी है।
शहर के ग्रीन पार्क के पास बजरंग इंक्लेव निवासी पुलिस अधिकारी राकेश सिंह मूल रूप से अमरोहा के गांव नासिर नगला के रहने वाले हैं। राकेश सिंह की पोस्टिंग 2008 में बरेली में जीआरपी में हुई। इसके बाद से पूरा परिवार बरेली का वासी हो गया। सुरभि की माता अखिलेश गृहणी और भाई राजशेखर यादव आईआईटी रुड़की से एआई इंजीनियर हैं। सुरभि ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बरेली से ही की।
उन्होंने दसवीं एसआर इंटरनेशनल स्कूल से और बारहवीं आर्मी पब्लिक स्कूल से की। बारहवीं में सुरभि ने 96 प्रतिशत के साथ मंडल टॉप किया था। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली चली गईं। दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से इतिहास (ऑनर्स) में स्नातक और जामिया मिलिया इस्लामिया से परास्नातक करने के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी। सुरभि बताती हैं कि उन्होंने तैयारी के दौरान सबसे पहले सिलेबस को गहराई से समझा और उसी के अनुसार पढ़ाई की योजना बनाई।
उन्होंने एनसीईआरटी की किताबों से बुनियादी अवधारणाएं मजबूत कीं और इसके बाद उन्होंने डेलीबेस, मैंथली बेस स्टडी प्लान बनाया। रोजाना अपने तय लक्ष्य को पूरा करना ही उनका लक्ष्य रहता था। रोजाना अखबार पढ़ना और समसामयिक घटनाओं पर नोट्स बनाना उनकी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
- Log in to post comments