Skip to main content

होली की रात तरुण हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: मुख्य आरोपी के मकान पर चला बुलडोजर 

राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली की रात हुए तरुण हत्याकांड में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। युवक की हत्या के मुख्य आरोपी निजामुद्दीन के अवैध मकान पर नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड में आठवें आरोपी के रूप में इमरान उर्फ बंटी (38) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक तरुण के परिवार के बयानों के आधार पर मामले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण कानून की सख्त धाराएं भी जोड़ दी गई हैं, जिससे आरोपियों पर शिकंजा और कस गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात में शामिल आरोपियों में कई आपस में रिश्तेदार हैं। गिरफ्तार आरोपियों में उमरदीन, जमाउद्दीन, मुस्ताक, कमरुद्दीन, मुजफ्फर, ताहिर और इमरान शामिल हैं, जबकि एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। इनमें उमरदीन, जमाउद्दीन और कमरुद्दीन तीनों सगे भाई हैं, जबकि मुजफ्फर और उमरदीन बाप-बेटे बताए जा रहे हैं। सभी आरोपी उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी हस्तसाल इलाके के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक यह पूरा विवाद होली के दौरान पानी से भरे गुब्बारे से शुरू हुआ था। 4 मार्च की रात करीब 11 बजे पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को पता चला कि एक बच्ची द्वारा फेंका गया पानी से भरा गुब्बारा दूसरे समुदाय की एक महिला को लग गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया।

मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तरुण को छोड़कर बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि तरुण की हालत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई।