लालकुआं में सेंचुरी पल्प एंड पेपर की सुरक्षा रैली ‘शून्य दुर्घटना’ लक्ष्य के साथ कर्मचारियों को किया जागरूक
लालकुआं। औद्योगिक सुरक्षा और कर्मचारी कल्याण को सर्वोपरि रखते हुए लालकुआं स्थित अग्रणी उद्योग सेंचुरी पल्प एंड पेपर में एक विशाल सुरक्षा रैली का आयोजन किया गया। संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस रैली का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य को प्राप्त करना रहा।
रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संस्थान के लिए उत्पादन से भी अधिक महत्वपूर्ण कर्मचारियों की सुरक्षा है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि एक संस्कार होना चाहिए। यदि कर्मचारी जागरूक रहेंगे तो न केवल खुद सुरक्षित रहेंगे बल्कि अपने परिवार और संस्थान को भी सुरक्षित और खुशहाल रख पाएंगे।
रैली के दौरान मिल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और श्रमिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में सुरक्षा संदेशों से जुड़ी तख्तियां लेकर कर्मियों ने मिल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण किया। इस दौरान ‘सुरक्षा अपनाओ-जीवन बचाओ’ और ‘सतर्क रहें-सुरक्षित रहें’ जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। प्रबंधन की ओर से बताया गया कि सेंचुरी मिल अंतरराष्ट्रीय स्तर के सुरक्षा मानकों को लागू करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस मौके पर मिल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी ली।
- Log in to post comments
- 2 views