Modi Cabinet New Rail Line केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र के बीच नई रेल लाइन के बारे में बताया कि यह मल्टी-माडल कनेक्टिविटी के लिए प्रधानमंत्री गति शक्ति मास्टर प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इसके पूरा हो जाने के बाद महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित उज्जैन एवं इंदौर के टूरिस्ट एवं कई धार्मिक स्थलों में आवागमन आसान हो जाएगा।
केंद्र सरकार ने इंदौर से मनमाड के बीच प्रस्तावित 18,036 करोड़ रुपये की लागत वाली नई रेल लाइन को मंजूरी दे दी है। यह लाइन महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश के छह जिलों से होकर गुजरेगी, जिससे रेल संपर्क बढ़ेगा। आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में करीब 309 किलोमीटर वृद्धि होगी और तीस नए स्टेशन बनाए जाएंगे।
प्रोजेक्ट को 2028-29 तक पूरा कर लिया जाएगा। नई रेल लाइन के निर्माण में पिछले दस वर्षों में तेजी आई है। अब प्रतिदिन औसतन 14 किमी से अधिक नई रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है, जबकि यूपीए सरकार में यह आंकड़ा लगभग पांच किमी प्रतिदिन था। पिछले सप्ताह ही कैबिनेट ने झारखंड-ओडिशा के बीच तीन सौ किमी नई रेल लाइन के निर्माण का निर्णय लिया था।
- Log in to post comments