Skip to main content

कोलकाता में महिला डॉक्टर हत्याकांड में तृणमूल कांग्रेस अपने नेताओं के बिगड़े बोल से बैकफुट पर है। पार्टी ने पीड़िता के पिता से अपनी गलती मानी। इस बीच पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सभी नेताओं से गलत बयानबाजी न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सभी को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है।

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दुष्कर्म के बाद महिला डॉक्टर की हत्या मामले में पश्चिम बंगाल सरकार और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस घिरती जा रही है। इस बीच पार्टी के कई नेताओं ने विवादित बयान भी दे डाले। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान पर खेद जताया और माफी भी मांगी। मगर तब तक बात बिगड़ चुकी थी। अब टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने पार्टी के सभी नेताओं से खास अपील की 

सभी को विरोध करने का अधिकार

अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के भतीजे हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा कि पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों को अधिक विनम्र और सहानुभूतिपूर्ण होने की जरूरत है। मैं टीएमसी के सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे मेडिकल बिरादरी व आम लोगों के बारे में गलत न बोलें। सभी को विरोध करने और अपनी बात रखने का अधिकार है। यही बात पश्चिम बंगाल को अन्य भाजपा शासित राज्यों से अलग बनाती है।

बुलडोजर मॉडल के खिलाफ दिल से लड़ाई लड़ी

अभिषेक ने आगे कहा कि हमने राजनीति के बुलडोजर मॉडल और दमनकारी रणनीति के खिलाफ पूरे दिल से लड़ाई लड़ी है। अब समय आ गया है कि रचनात्मक कार्रवाई की जाए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ऐसी भयावह घटनाएं दोबारा न हों। बंगाल को इस लड़ाई में एकजुट होना चाहिए और तब तक नहीं रुकना चाहिए जब तक कि अपराधियों को दंडित नहीं किया जाता और राज्य व केंद्र सरकार दोनों दुष्कर्म के खिलाफ समयबद्ध कानून नहीं बना लेती।

पीड़िता के पिता से टीएमसी ने मानी गलती

टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने हाल ही में एक टीवी डिबेट में डॉक्टरों को लेकर आपत्तिजनक बयान दे दिया था। हालांकि गलती का अहसास होने पर उन्होंने अपने बयान पर तुरंत खेद जताया था और माफी भी मांगी थी। इसके अलवा टीएमसी ने गलत बयानबाजी पर महिला डॉक्टर के परिजनों से अपनी गलती मानी। वरिष्ठ तृणमूल नेता कुणाल घोष ने मृतका के पिता को फोन कर अपनी गलती स्वीकार की।

उन्होंने परिवार को सुधारात्मक कदम उठाने का भी भरोसा दिया।