Skip to main content

IGI Airport इमिग्रेशन की सतर्कता से एक यात्री को इटली जाने से पहले ही पकड़ लिया गया। उसके पासपोर्ट पर लगा स्वीडिश वीजा फर्जी पाया गया। पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले दो अन्य को विदेश से लौटने पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब दोनों मामलों में छानबीन कर रही है।

नई दिल्ली। विदेश जाने की लालसा में फर्जीवाड़े से जुड़े एक के बाद एक मामलों के बीच इमिग्रेशन की सतर्कता से एक यात्री को तब पकड़ लिया गया, जब वह इटली जाने की कोशिश कर रहा था। इमिग्रेशन की शिकायत पर आईजीआई थाना पुलिस (IGI Thana Police) ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में प्राथमिकी कर जांच शुरू कर दी है। छानबीन जारी है।

छानबीन के दौरान पाया गया फर्जी वीजा

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिला स्थित दीवाना गांव का रहने वाला संदीप आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) के टर्मिनल 3 पर इमिग्रेशन क्लियरेंस के लिए पहुंचा। यहां काउंटर पर छानबीन के दौरान जब उसके पासपोर्ट पर गौर किया गया तो अधिकारियों ने पाया कि इसके पासपोर्ट पर जो स्वीडिश वीजा है, वह सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतर रहा है। छानबीन के क्रम में यह वीजा फर्जी पाया गया। इसके बाद इसे यात्रा से रोककर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

काठमांडू से नई दिल्ली लौटने पर एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

उधर एक अन्य मामले में गुजरात के मेहसाना जिले के दो यात्रियों को काठमांडू से नई दिल्ली लौटने के बाद एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। दोनों यात्री काठमांडू से लौटने के बाद इमिग्रेशन क्लियरेंस के लिए पहुंचे थे। जब अधिकारी ने इनके कागजात पर गौर किया तो पाया कि इनके पासपोर्ट के कुछ पन्ने गायब है।

ऐसा लगा मानों दोनों ने पासपोर्ट के इन पन्नों को जानबूझकर किसी देश के वीजा को छिपाने के लिए किया है। इसके बाद पूरे मामले से पुलिस को अवगत कराया गया। इमिग्रशन द्वारा सौंपे जाने के बाद पुलिस ने दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच के लिए दोनों यात्रियों से पूछताछ जारी है।

News Category