Skip to main content

झारखंड में 18 साल की लड़कियों के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ने बड़ी घोषणा कर दी है। इसके तहत अब मंईया सम्मान योजना की धनराशि इस उम्र की युवतियों को भी दी जाएगी। योजना के तहत लाभुकों को राशि बांटने के लिए आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने यह ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। 

रांची। राज्य सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ अब 18 वर्ष की युवतियों को भी मिलेगा। पहले इसकी न्यूनतम सीमा 21 वर्ष थी। बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को सम्मान राशि वितरण कार्यक्रम के दौरान ट्रेनिंग ग्राउंड, खोजा टोली, नामकुम में यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना में उम्र सीमा 21 से 50 साल तक थी, लेकिन इसमें 18 से 20 साल की बच्चियां छूट जा रही थीं। हमने तय किया है कि उन्हें भी इस योजना से जोड़ा जाएगा।

आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार द्वार कार्यक्रम में बच्चियां आवेदन भर सकती हैं। हम जल्द ही इसके लिए कानून लाएंगे और इसके बाद उनके खाते में राशि डाल देंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की साढ़े चार वर्ष की उपलब्धियां और योजनाएं गिनाई। उन्होंने बीच-बीच में भाजपा को भी कठघरे में खड़ा किया। कहा कि सरकार को गिराने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा विधायकों को तोड़ रही है। वे पिछले दो साल से लगे हुए थे। कभी ईडी, कभी सीबीआई। अंतत: वे जेल भेजने में कामयाब रहे। लेकिन क्या हुआ, हम बाहर आ गए। उत्पाद सिपाही भर्ती में युवाओं की मौत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मौत सिर्फ दौड़ से नहीं हो रही है।

पता चला है कि भाजपा ने कोरोना का जो टीका लगवाया, वह गलत टीका था। इसका दुष्प्रभाव दुनिया पर पड़ रहा है। उसका हिसाब भी लेंगे। उस टीका पर विदेश में प्रतिबंध लगा, लेकिन हमारे यहां इसे लगाया गया

असम सरकार करा रही बांग्लादेशी घुसपैठ

हेमंत के निशाने पर भाजपा के साथ-साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी रहे। निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आए दिन वे फुर्र से यहां आते हैं और यहां पर तनाव का माहौल बनाने लगते हैं। कभी सरकार गिराने में लगते हैं, कभी हिंदू-मुस्लिम करने लगते हैं। लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ता।

पलटवार करते हुए कहा, हमारा झारखंड का भाई-बहन लोग असम में बैठा है, उनकी क्या हालत है, जरा वे बताएं? अपना राज तो संभलता नहीं। बांग्लादेशी को रास्ता वही देते हैं, वहीं पर दरवाजा खोलकर रखा है। अपने घुसाता है और बोलता है घुसपैठ बढ़ाया।

कई पूर्व मुख्यमंत्री लगे हैं हमारी सरकार गिराने में

हेमंत सोरेन अपने भाषण के क्रम में आक्रामक रहे। उन्होंने कहा कि बहुत चालाक और चतुर लोग मीठा बोलते हैं। ये भाजपा के लोग इतना मीठा बोलेंगे कि गुड़ भी फेल है, लेकिन आपको पता है, मीठा यदि बहुत ज्यादा हो जाए तो कडुवा स्वाद होने लगता है।

इनका जो स्वाद है, वह मीठा नहीं, जहर है। आज एक मुख्यमंत्री के पीछे कई पूर्व मुख्यमंत्री हमारी सरकार गिराने में लगे हैं। अभी फिर से तैयारी शुरू कर दिया है।

पांच साल में हरेक घर में पहुंचेंगे पांच लाख रुपये

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हम मुख्यमंत्री मंईयां योजना इसलिए नहीं लेकर आए हैं कि आपको एक हजार रुपये और साल का बारह हजार रुपया दें।

आने वाले पांच साल के अंदर आपके हरेक घर में एक-एक लाख रुपया पहुंचाएंगे। वह कैसे पहुंचाएंगे, यह मेरी जिम्मेवारी है।

पैसा देने के पीछे मेरी मंशा ये नहीं है कि ये लोग बोल रहा है, वोट बैंक के लिए पैसा बांट रहा है। हमें पता है, हमारे गांव के लोगों को क्या चाहिए?

News Category