बरेली: उमरा से लौटे असजद मियां की फ्लाइट मुंबई में लैंड, सऊदी अरब में डिटेन होने की थी चर्चा
बरेली: दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद मियां सऊदी अरब से उमरा करके वापस आ गए हैं। शनिवार की भोर में उनकी फ्लाइट मुंबई पहुंची। उनके स्वागत के लिए आला हजरत-ताजुश्शरिया के चाहने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जमात रजा-ए-मुस्तफा के महासचिव फरमान हसन खान के मुताबिक, सज्जादानशीन की तय वक्त पर वापसी ने उन तमाम अफवाहों को खारिज कर दिया जो उनके बारे में सोशल मीडिया पर आम की गई थीं।
आला हजरत घराने के बुजुर्ग मुफ्ती असजद मियां फरवरी में उमरा करने सऊदी अरब गए थे। पिछले दिनों सोशल मीडिया पर ऐसी चर्चाएं चलीं कि सज्जादानशीन को सऊदी पुलिस ने डिटेन कर लिया है। क्योंकि बिना अनुमति आयोजित कार्यक्रम में काफी भीड़ जुट गई थी।
हालांकि, आला हजरत के संगठन जमात-रजा-ए-मुस्तफा ने हिरासत की बात को खारिज किया था। जमात के उपाध्यक्ष सलमान हसन खान ने स्पष्ट किया था कि हजरत की फ्लाइट 13 मार्च की है और वह 14 मार्च को इंडिया लौट आएंगे। जमात के महासचिव के मुताबिक, तय वक्त पर वापस हो गई है।
दरअसल, आला हजरत-ताजुश्शरिया के दुनियाभर में करोड़ों चाहने वाले हैं। सुन्नी-बरेलवी मुसलमानों का मरकज (केंद्र) बरेली है और यहीं के सज्जादानशीन की सऊदी में हिरासत की खबर ने पूरे हल्के में हलचल मचा दी थी। कई मुस्लिम संगठनों ने विदेश मंत्रालय को पत्र लिखे थे।
- Log in to post comments
- 2 views