कोलकाता में 8 लोगों के साथ एक कमरे में रहते थे Amitabh Bachchan, पलंग पर सोने के लिए होता था 'संग्राम'
Amitabh Bachchan ने क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति 16 (Kaun Banega Crorepati 16) में उन दिनों को याद किया है जब वह एक्टिंग से पहले कोलकाता में जॉब किया करते थे। अभिनेता को थोड़े से पैसे में कोलकाता जैसे शहर में सर्वाइव करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि कैसे वह 8 लोगों के साथ एक कमरे में रहा करते थे।
अमिताभ बच्चन आज भले ही सदी के महानायक कहे जाते हैं, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने खूब मेहनत की है। वह एक्टिंग से पहले छोटे-मोटे काम करके गुजारा किया करते थे। हाल ही में, बिग बी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया है और बताया है कि कभी वह 8 लोगों के साथ एक कमरे में गुजारा किया करते थे।
इन दिनों अमिताभ बच्चन क्विज बेस्ड रियलिटी शो (Kaun Banega Crorepati 16) होस्ट कर रहे हैं। केबीसी के हालिया एपिसोड में एक कंटेस्टेंट ने बताया कि वह पुणे में 8 लोगों के साथ एक सिंगल रूम में रहता है तब अमिताभ बच्चन ने कहा कि उन्हें यह सुनकर आश्चर्य नहीं हुआ, क्योंकि वह खुद भी कभी 8 लोगों के साथ रहा करते थे।
कोलकाता में अमिताभ बच्चन ने किया संघर्ष
अमिताभ बच्चन ने कहा, "8 लोग एक कमरे में? 8 से हमे इतना ज्यादा आश्चर्य नहीं हुआ। हम अपने कॉलेज से पढ़ाई करके नौकरी ढूंढने निकले तो हम कोलकाता गए। वहां किसी तरह से नौकरी मिल गई 400 रुपये महीने के। वहां पर भी सर हम जहां रह रहे थे ना, 8 लोग एक कमरे में थे। बहुत मजा आता था। हम लोग 8 थे और पलंग दो था। जमीन पर सोना पड़ता था। आपस में खुश रहते थे। आपस में झगड़ा होता था कि आज इधर सोएंगे, कौन पलंग पर सोएगा और बिस्तर पर रहेगा।"
अमिताभ बच्चन ने अभिनय में कमाया नाम
कोलकाता में नौकरी करने के बाद अमिताभ बच्चन ने फिल्मों में हाथ आजमाया और कई रिजेक्शन के बाद उन्हें सात हिंदुस्तानी फिल्म (1969) से डेब्यू किया था। आज वह सिनेमा के शहंशाह कहे जाते हैं। आखिरी बार अभिनेता को कल्कि 2898 एडी में अश्वत्थामा के किरदार में देखा गया था। इस रोल में वह छा गए थे। इन दिनों वह रजनीकांत के साथ फिल्म वेट्टयन की शूटिंग कर रहे हैं।
- Log in to post comments