Skip to main content

स्पेशल-26' अंदाज में रेड डालने पहुंचे फर्जी अधिकारी, पुलिस की वर्दी पहने शख्स से हुई एक गलती और बिगड़ गया सारा खेल

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में अक्षय कुमार और अनुपम खेर की फिल्म स्पेशल 26 जैसा तरीका अपनाया गया। कुछ फर्जी लोग ईडी अधिकारी बनकर सर्राफा कारोबारी को लूटने के इरादे से आए थे। यह घटना शुक्रवार यानी आज सुबह की है। हालांकि व्यापारी की सतर्कता ने बड़ी लूट से उसे बचा लिया। मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 मथुरा। महानगर में प्रवर्तन निदेशालय ईडी के अधिकारी बनकर आए कुछ लोगों ने एक सर्राफा कारोबारी के आवास पर लूट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया।

हालांकि वह व्यापारी की सजगता के कारण सफल नहीं हो पाए और कॉलोनी में शोर शराबा भीड़ एकत्रित होने के कारण वहां से गाड़ी में बैठकर रफू चक्कर हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडे पहुंच गए।

गाड़ी को कराया जा रहा ट्रेस

उन्होंने बताया कि जिस गाड़ी में ये लोग आए थे उसको ट्रेस कराया जा रहा है पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है। महानगर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राधा ऑर्किड कॉलोनी में एक कार में सवार होकर दो व्यक्ति एक महिला और एक पुलिस की वर्दी पहनकर फर्जी दारोगा शुक्रवार प्रात 7:00 के लगभग अश्वनी अग्रवाल सर्राफा के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने अश्वनी अग्रवाल को फर्जी सर्च वारंट दिखाकर घर की तलाशी लेने की बात कही।

थाने का नाम बताते ही ठनक गया माथा

इस बीच अश्विनी अग्रवाल ने उनके साथ आए कथित वर्दी धारी से पूछा कि आप किस थाने से आए हैं तो उसने बताया कि वह गोविंदपुरम थाने से आया है। यह सुनकर उनका माथा ठनक गया उन्होंने तुरंत घर से बाहर भाग कर मथुरा वृंदावन नगर निगम के मेयर विनोद अग्रवाल के आवास पर जानकारी दी कि कुछ लोग उनके घर में घुस आए हैं। उनका शोर शराबा सुनकर और भी अड़ोसी पड़ोसी एकत्रित हो गए।

भीड़ देखकर सकपका गए फर्जी अधिकारी

उन्होंने जब उन कथित ईडी के लोगों से पूछा कि आप कौन हैं... भीड़ को देखकर वह लोग सकपका गए और गाड़ी में बैठकर भाग गए। इसकी जानकारी तत्काल एस एसपी और गोविंद नगर पुलिस को दी गई।

सीसीटीवी में कैद हो गया सारा मामला

मौके पर पहुंच कर एसपी श्री पांडे ने बताया कि कॉलोनी सहित मसानी रोड पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरा को खंगाला जा रहा है वह लोग जल्दी पकड़े जाएंगे। समूचे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिस सफेद रंग की कार से वे लोग आए थे उसकी तलाश की जा रही है।

News Category