Skip to main content

UP Police Bharti: सिपाही भर्ती में चौथे दिन भी लगभग एक तिहाई अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, पकड़े गए 94 संदिग्ध

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के चौथे दिन भी लगभग एक तिहाई अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। दोनों पालियों में कुल 94 संदिग्ध अभ्यर्थी पकड़े गए। सहारनपुर फतेहपुर एटा जौनपुर मेरठ और कानपुर सहित अन्य जिलों में चार साल्वर समेत 24 अभ्यर्थी गिरफ्तार किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पहले हुई परीक्षा पेपर लीक होने के कारण निरस्त कर दी गई थी। अब दोबारा परीक्षा कराई जा रही है।

लखनऊ। सिपाही भर्ती परीक्षा के चौथे दिन कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच दोनों पालियों में लगभग सात लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। शुक्रवार को भी पेपर लीक की कोई शिकायत सामने नहीं आई। पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड अब शनिवार को पांचवें व अंतिम दिन की परीक्षा सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा है।

चौथे दिन कुल 2,71,677 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद 13.92 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचे। दोनों पालियों में 94 संदिग्ध अभ्यर्थी पकड़े गए, जिनके फिंगरप्रिंट व आवेदनपत्र में भरे गए अन्य ब्योरे आधार कार्ड से मेल नहीं खाए। ऐसे सभी अभ्यर्थियों से पहचान पत्र व स्वप्रमाणित पत्र लेकर उन्हें परीक्षा की अनुमति दी गई।