Farrukhabad News: प्रेमियों को पुलिस ने भेजा जेल, फंदे पर लटकी दो लड़कियों के कपड़ों में मिली थी सिम
Farrukhabad Two Girl Death Case Update News फर्रुखाबाद में फंदे पर लटके मिले दो लड़कियों के शव के मामले में नया मोड उस समय आया था जब पुलिस को लड़कियों के कपड़ों से सिम मिले। पुलिस ने प्रेमियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उन्हें जेल भेज दिया। फंदे पर लटकी मिली लड़कियों के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
फर्रुखाबाद। दो सहेलियों के शव पेड़ से लटके मिलने के मामले में दोनों के पिता ने खुदकुशी के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों के प्रेमियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, किशोरी के कपड़ों से जो सिम बरामद मिला, वह उसके प्रेमी का था।
युवती और किशोरी प्रेमियों से फोन पर बात करती थीं। पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद ने कहा कि पुलिस ने जो राजफाश किया है, वह पूरा नहीं हैं। घटना में सिर्फ दो लोग ही नहीं, और भी शामिल हो सकते हैं। कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए।
27 अगस्त को मिली थीं दोनों लाशें
कायमगंज में 27 अगस्त की सुबह आम के पेड़ पर युवती और उसकी सहेली किशोरी के शव लटकते मिले थे। घटना पर सपा मुखिया अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह आदि की टिप्पणी के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। दोनों सहेलियों के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस के अनुसार, कॉल डिटेल खंगाली गई तब सामने आया कि किशोरी के कपड़ों में जो सिम मिला, वह दीपक के नाम है। पुलिस ने उसके बाद पवन को भी गिरफ्तार कर लिया। सहेलियों के पिता ने दोनों के खिलाफ तहरीर दी। बताया कि दोनों युवक बेटियों से फोन पर बात कर प्रताड़ित करते थे।
जेल भेजे गए आरोपित
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि दोनों आरोपितों को न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। दोनों सहेलियों के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटियों की हत्या हुई है। उन्होंने तहरीर में प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने खुदकुशी के लिए उकसाने की रिपोर्ट क्यों लिखी, उनको नहीं पता। जेल भेजे गए आरोपितों के स्वजन ने भी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। शुक्रवार को सांसद मुकेश राजपूत व अन्य भाजपा नेता गांव पहुंचे। सहेलियों के स्वजन ने सीबीआई जांच कराने की मांग की। सांसद ने कहा कि यदि स्वजन जांच से संतुष्ट नहीं हैं तो लिखकर दें। अन्य किसी एजेंसी से जांच कराने का प्रयास किया जाएगा।
- Log in to post comments