खुशखबरी: अब 55 की जगह डॉक्टरों को मिलेगा 80 हजार वेतन, इसी महीने इंटरव्यू के जरिए होगी नियुक्ति
गाजियाबाद के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए शासन स्तर से बड़ा फैसला लिया गया है। अब कॉन्ट्रैक्ट डॉक्टरों को 55 हजार की जगह 80 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा उन्हें 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इस कदम से नौकरी छोड़ रहे डॉक्टरों को रोका जा सकेगा और अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
गाजियाबाद। गाजियाबाद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य केंद्र, यूपीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने के साथ ही चिकित्सकों की कमी दूर करने की तैयारी तेज हो गई है।
20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी
शासन स्तर से जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से नियुक्त किये जाने वाले चिकित्सकों को अब 55 की जगह 80 हजार रुपये का मासिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि भी हर माह मिलेगी। इसके साथ ही कम वेतन और अधिक कार्य के चलते नौकरी छोड़ रहे चिकित्सकों को रोका जा सकेगा।
अस्पतालों में हैं डॉक्टरों की कमी
इसी महीने साक्षात्कार के माध्यम से चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया प्रस्तावित है। 17 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक नहीं हैं। कई सीएचसी पर चिकित्सकों की कमी है। जिला अस्पतालों में भी विशेषज्ञों की कमी चल रही है।
जिले में एक साल से हृदयरोग विशेषज्ञ नहीं है। एनएचएम के तहत मेडिकल संसाधन बढ़ाने, स्टाफ और स्वास्थ्य योजनाओं का डिजिटलीकरण करने पर फोकस किया जा रहा है।
अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों का पूरा विवरण
अस्पताल कुल चिकित्सक
- जिला संयुक्त अस्पताल 27
- जिला महिला अस्पताल 9
- जिला एमएमजी अस्पताल 23
- सीएचसी मुरादनगर 11
- संयुक्त अस्पताल लोनी 9
- सीएचसी लोनी 19
- सीएचसी मोदीनगर 5
- पीएचसी भोजपुर 11
- सीएचसी बम्हैटा 4
- सीएचसी डासना 5
- शहरी (पीएचसी) 36
- शहरी (एचडब्ल्यू सी) 56
- Log in to post comments