Skip to main content

झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में टिकट के दावेदारों के बीच घमासान मचा हुआ है। सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में रायशुमारी हुई जिसमें कई जगह हंगामा और मारपीट की खबरें आईं। धनबाद में विधायक राज सिन्हा और कोयला कारोबारी लालबाबू सिंह के समर्थकों के बीच झड़प हुई। निरसा में भाजपा महिला मोर्चा की दो नेत्री आपस में भिड़ गईं। 

रांची/ धनबाद। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले कुछ निजी चैनलों के सर्वे में राज्य में भाजपा की बढ़त दिखाए जाने के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का जोश उफान पर है। भाजपा का टिकट हासिल कर विधायक बनने के लिए नेताओं में गलाकाट स्पर्धा शुरू हो गई है।

इसका खुला प्रदर्शन बुधवार को राज्य के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिला। मौका था टिकट की दावेदारी के लिए रायशुमारी का। एक साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में रायशुमारी हुई। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ लेकर जिलास्तर के पदाधिकारियों को पर्ची दी गई

इस पर्ची के माध्यम से गुप्त मतदान के तहत प्रत्येक विधानसभा के लिए तीन-तीन नाम प्रस्तावित करना था। इस दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों में जमकर हंगामा हुआ। धनबाद, हजारीबाग, पलामू आदि क्षेत्रों में मारपीट की नौबत आ गई। धनबाद विधानसभा क्षेत्र में तो हथियारों का प्रदर्शन हुआ।

दो-दो पर्यवेक्षकों की देखरेख में रायशुमारी हुई

भाजपा विधायक राज सिन्हा के समर्थकों के साथ बहुचर्चित कोयला कारोबारी लालबाबू सिंह के समर्थकों ने मारपीट कर दी। सभी विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो पर्यवेक्षकों की देखरेख में रायशुमारी हुई। कार्यकर्ताओं से लिखित तीन नाम गुप्त रूप से मांगा गया। बंद डिब्बे में सभी नामों को सील कर प्रभारी अपने साथ देर शाम रांची ले गए।

धनबाद विधानसभा क्षेत्र में रायशुमारी को लेकर जमकर बवाल हुआ। विधायक राज सिन्हा एवं आउटसोर्सिंग संचालक एलबी सिंह के समर्थकों के बीच मारपीट हुई। एलबी सिंह के हथियारंबद निजी अंगरक्षक भाजपा कार्यालय में सक्रिय रहे। इसे लेकर भी कार्यकर्ताओं में आक्रोश दिखा। बोगस वोटिंग को लेकर पहले बवाल हुआ।

बैंकमोड़ मंडल के प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव के बदले श्याम गुप्ता के वोटिंग करने को लेकर मारपीट हुई। एलबी समर्थक एक कार्यकर्ता ने बोगस वोटिंग का विरोध किया। इस पर बवाल मच गया। विरोध करने वाले कार्यकर्ता के साथ मारपीट हुई। यह खबर फैलते ही एलबी के हथियारंबद अंगरक्षक कार्यालय के अंदर दौड़कर पहुंच गए।

भाजपा महिला मोर्चा की दो नेत्री आपस में भिड़ गईं

हालांकि, बाद में एलबी के भाई कुंभनाथ सिंह ने दोनों कार्यकर्ताओं के बीच सुलह करा दी। बीच-बीच में कार्यकर्ता हंगामा करते रहे। एलबी सिंह, हरेंद्र सिंह के भाई गोपाल सिंह, राकेश कुमार, रंजीत कुमार सिंह भी वोटरों को रिझाने जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे थे।

धनबाद विधानसभा क्षेत्र से दावेदारों में विधायक राज सिन्हा, निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, एलबी सिंह, हरेंद्र सिंह, सत्येंद्र कुमार, शिक्षाविद राकेश कुमार, रंजीत कुमार सिंह आदि शामिल थे।

निरसा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के चयन को लेकर बुधवार को चिरकुंडा टाउन हाल में हुई रायशुमारी बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की दो नेत्री आपस में भिड़ गईं।

एग्यारकुंड महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष अंजलि बाउरी व जिला कमेटी के दुर्गा देवी के बीच में जमकर मारपीट हुई। दोनों के बीच झोटा-झोटी भी हुई। इसमें अंजलि बाउरी के सिर में चोट लगी है। नेताओं ने झगड़े को छुड़ाया।