आतंकी वारदातों को देखते हुए सुरक्षाबल चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। इसी कढ़ी में आज किश्तवाड़ में जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। इस बीच मुठभेड़ में सेना के चार जवान घायल हो गए हैं।
श्रीनगर। जम्म-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सेना के चार जवान घायल हो गए हैं। जिले के अंतर्गत छत्रो पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में नैदघाम गांव के ऊपरी इलाकों में पिंगनल दुगड्डा वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तलाशी टीमों और छिपे हुए आतंकियों के बीच गोलीबारी हुई। जिसके बाद जवानों ने आतंकियों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
घायलों में से एक को इलाज के लिए पास के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन का स्थानीय स्तर पर इलाज किया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और ऑपरेशन अभी भी जारी है।
कुलगाम और पुलवामा में कार्रवाई
बीते गुरुवार दक्षिण कश्मीर के कुलगाम और पुलवामा के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान जारी किया था। इस बीच कुलगाम के पोंबे और पुलवामा के त्राल में तीन आतंकी ठिकानों का पता लगाकर सुरक्षाबलों ने उन्हें नेस्तनाबूद किया।
पुंछ में आतंकियों ने किया हमला
गुरुवार सुबह कश्मीर के पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के दराबा क्षेत्र के खोडी वाली और मचाकी के जंगलों में मुठभेड़ हुई थई। सुरक्षाबल जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे थे। उसी दौरान आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सतर्क होते हुए जवानों ने भी हमला बोला। जिसके बाद दहशतगर्द भाग गए। जवानों ने आतंकियों का पीछा करते हुए सर्च अभियान शुरू किया।
- Log in to post comments