
राहुल गांधी ने एक बार फिर से 2024 में महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। दैनिक जागरण में छपी एक लेख में राहुल गांधी ने चुनाव में धांधली के पांच चरण बताए हैं। उन्होंने बिहार चुनाव को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा है।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर से नवंबर 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल उठाए हैं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजेपी ने चुनाव में मैच फिक्सिंग की तरह से धांधली की।
दैनिक जागरण में प्रकाशित लेख को साझा करते हुए राहुल गांधी ने चुनाव को प्रभावित करने के पांच कारणों का जिक्र किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि चुनाव कैसे चुराया जाए? 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली करने का ब्लूप्रिंट था।
राहुल गांधी ने लिखा, "मेरा लेख दिखाता है कि यह कैसे हुआ।" अपने लेख के साथ पांच चरणों को उन्होंने साझा करते हुए लिखा...
- पहला चरण- चुनाव आयोग की नियुक्ति के लिए पैनल में धांधली करना
- दूसरा चरण- फर्जी मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ना
- तीसरा चरण- मतदान प्रतिशत को बढ़ाना
- चौथा चरण- फर्जी मतदान को ठीक वहीं लक्षित करें जहां भाजपा को जीतना है
- पांचवां चरण- सबूत छिपाना
महाराष्ट्र चुनाव पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "यह देखना मुश्किल नहीं है कि भाजपा महाराष्ट्र में इतनी हताश क्यों थी? लेकिन यह धांधली मैच फिक्सिंग की तरह है- जो पक्ष धोखा देता है वह मैच जीत सकता है, लेकिन संस्थानों को नुकसान पहुंचाता है।"
उन्होंने कहा कि इस तरह के परिणाम जनता का विश्वास नष्ट करता है। सभी चिंतित भारतीयों को सबूत देखना चाहिए और खुद फैसला करें, जवाब मांगें। क्योंकि महाराष्ट्र की मैच फिक्सिंग अगली बार बिहार में होगी और फिर वहां जहां भाजपा हार रही होगी।
राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर आरोप
इससे पहले अप्रैल के महीने में राहुल गांधी अमेरिका के बोस्टन में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष नहीं रहा, वह समझौता कर चुका है। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के मतदान आंकड़ों का हवाला देते हुए आरोप लगाया था कि अंतिम दो घंटे में लाखों वोट पड़ना भौतिक रूप से असंभव है।
राहुल ने दावा किया, "5.30 बजे शाम तक चुनाव आयोग ने एक आंकड़ा दिया और फिर 5.30 से लेकर 7.30 बजे तक 65 लाख और वोट पड़ गए। अगर एक वोटर को वोट देने में लगभग तीन मिनट लगते हैं, तो इतने कम समय में इतने वोट नहीं पड़ सकते। इसका मतलब यही हो सकता है कि आधि रात तक लाइनें लगी थीं, जो सच नहीं है।"
भाजपा का पलटवार
भाजपा ने राहुल गांधी के दावों को अपमानजनक बताया है। भाजपा नेता तुहिन सिन्हा ने कहा, "राहुल गांधी देश की संस्थाओं को बदनाम करने की अपनी शर्मनाक हरकतों पर वापस आ गए हैं। इन मुद्दों को चुनाव आयोग ने बार-बार विस्तार से संबोधित किया है।"
क्या रहा था महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का परिणाम
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव भाजपा की अगुवाई वाली महायुति गठबंधन ने जीता था। राज्य में महायुति और महा विकास अघाड़ी के बीच मुख्य मुकाबला था। महायुति ने 288 विधानसभा सीटों में से 230 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
230 में से भाजपा को अकेले 132 सीटें हासिल हुई थी। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 57 सीटें और अजित पवार गुट की एनसीपी को 41 सीटें हासिल हुई थी। महा विकास अघाड़ी दल को सिर्फ 46 सीटें ही हासिल हुई थी।
- Log in to post comments
- 3 views