
अहमदाबाद में विमान दुर्घटना पर भाजपा कांग्रेस बसपा और सपा समेत सभी दलों ने शोक जताया है। नेताओं ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दुर्घटना के कारणों पर स्पष्टीकरण की मांग की है। आम आदमी पार्टी ने इसे मानवीय त्रासदी बताया है।
लखनऊ। भाजपा, कांग्रेस, बसपा व सपा सभी दलों ने विमान हादसे पर दुख जताया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा...गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है।
इस दुखद हादसे में हताहत हुए लोगों के स्वजन के प्रति मेरी विनम्र संवेदनाएं। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने लिखा...परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्य आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान दें तथा घायलों को अतिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। आज का दिन अत्यंत दुखद रहा। विमान हादसे में जिन मासूम लोगों ने अपनी जान गंवाई, उन्हें हम नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं: बसपा प्रमुख
बसपा प्रमुख मायावती ने लिखा...अहमदाबाद विमान हादसे में, काफी लोगों की मौत की घटना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। कुदरत उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विमान दुर्घटना का स्पष्टीकरण मांगा है जिससे आशंकाओं का उन्मूलन हो सके। यात्रियों और क्रू के सदस्यों, सभी के लिए प्रार्थनाएं। इन्हें सर्वोच्च स्तरीय बचाव, राहत और उपचार उपलब्ध कराया जाए।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि इस मर्माहत कर देने वाले हादसे से पूरा देश स्तब्ध है। विमान दुर्घटना में मृत यात्रियों की आत्मा की शांति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि यह एक हादसा नहीं, बल्कि एक गहरी मानवीय त्रासदी है जिसमें न जाने कितने सपने अधूरे रह गए और कितनी जिंदगियां असमय थम गईं। हृदय विदारक इस दुर्घटना ने देश को शोक की असीम पीड़ा में डुबो दिया है।
- Log in to post comments
- 3 views