Skip to main content

हापुड़ के काठीखेड़ा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता राखी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को फांसी पर लटका दिया। मृतका के भाई जितेश ने ससुराल पक्ष पर 11 लाख रुपये और दो कार की मांग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हापुड़। अतिरिक्त दहेज में 11 लाख रुपये व दो कार की मांग पूरी न होने पर थाना देहात क्षेत्र के गांव काठीखेड़ा में ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। जिसके बाद उसके शव को फंदे से लटका दिया।

इस मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद हत्यारोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस हत्यारोपितों की तलाश कर रही है।

जिला बुलंदशहर के थाना आहार क्षेत्र के गांव रसूलपुर के जितेश ने बताया कि उसकी बुआ सरोज देवी की शादी गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र तुलसी विहार के रोहताश से हुई थी। शादी के बाद बुआ अपने परिवार के साथ रसूलपुर में ही रहने लगी। बुआ का पुत्र अमित, सुमित, पुत्री कमलेश उर्फ सुमन, राखी व नीतू हैं।

16 अप्रैल 2025 को राखी व नीतू की शादी थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव काठीखेड़ा के सगे भाई ऋतिक व विनीत से हुई थी। शादी के तीन दिन बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज में 11 लाख रुपये व दो कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर आरोपितों ने आए-दिन राखी व नीतू के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। घर न बिगड़े इस कारण दोनों बहन यातनाएं सहती रही।

मारपीट पर नीतू को घर ले गए थे स्वजन

जितेश ने बताया कि 16 जून को आरोपितों ने राखी व नीतू को बेरहमी से पीटा। मामले की जानकारी पर मायके पक्ष के लोग दोनों की ससुराल पहुंचे। जहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी। जिसमें आरोपितों ने दोबारा मारपीट न करने का आश्वासन दिया था। जिसके बाद वह नीतू को लेकर रसूलपुर आ गए। जबिक, राखी ससुराल में ही रुक गई। इसके बाद भी आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की।

भैय्या... मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार डालेंगे

जितेश ने बताया कि बुधवार शाम पांच बजे राखी ने उसे कॉल की। कॉल पर बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे बेरहमी से पीटा। नौ मिनट की बातचीत में राखी ने उसके साथ हुई यातनाओं के बारे में उसे बताया। इस पर जितेश ने राखी से स्वजन के साथ बृहस्पतिवार सुबह उसकी ससुराल आने की बात कही थी। मगर, किसी को यह नहीं पता था कि उनके पहुंचे पर उन्हें राखी का शव ही मिलेगा।

कॉल कर व्यक्ति ने दी हत्या की सूचना

जितेश ने बताया कि राखी के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार सुबह उसके काल किया। जिसके बाद उसने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर राखी की गला दबाकर हत्या कर दी है। वहीं, उसके शव को फंदे से लटका दिया है। आनन-फानन में पीड़ित स्वजन के साथ राखी की ससुराल पहुंचा। जहां उन्होंने राखी के शव को फर्श पर पड़ा देखा। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया

हत्यारोपितों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्

जितेश ने बताया कि राखी की हत्या उसके पति गांव काठीखेड़ा के ऋतिक, देवर विनीत, ससुर रामेंद्र, सास मंगतेश, ननदोई थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर के राजेश उर्फ कल्लू, ननद निधी, ननदोई गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता के शाहील व ननद नीशू ने की है। आरोपितों के खिलाफ उन्होंने थाने में तहरीर दी।

थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि मामले में सभी नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता चलेगा। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

News Category