Skip to main content
  VIDEO: Delhi Metro के लेडीज कोच में घुसा सांप! मच गई अफरा-तफरी; DMRC की जांच में सामने आया सच

दिल्ली मेट्रो के लेडीज कोच में सांप घुसने की अफवाह से अफरा-तफरी मच गई। वायरल वीडियो में महिलाएं डर से चीखती और भागती दिख रही हैं। घटना के बाद डीएमआरसी ने कोच की तलाशी ली लेकिन सांप नहीं मिला। डीएमआरसी ने यात्रियों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की बात कही है। सोशल मीडिया पर इस घटना पर मजेदार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो का एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो लेडीज कोच का है जिसमें महिलाओं को चीखते हुए और इधर-उधर भागते हुए देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि मेट्रो के लेडीज कोच में एक सांप घुस आया था जिसके बाद महिलाओं के बीच हड़कंप मच गया।

वायरल वीडियो घर का क्लेश नाम आईडी से एक्स पर पोस्ट किया गया है। इसमें हालांकि कोई सांप तो नहीं दिख रहा है लेकिन महिलाओं को सांप-सांप कहते हुए देखा जा रहा है। महिलाएं डर से सीट पर चढ़ती हुई दिख रही हैं और एक-दूसरे को पकड़ते दिख रही हैं। 

डीएमआरसी ने संज्ञान लेकर कोच की तलाशी ली

वहीं घटना पर डीएमआरसी ने भी संज्ञान लिया और अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर कोच की तलाशी ली गई, लेकिन उसमें सुरक्षा अधिकारियों को कोई सांप नहीं दिखा। हालांकि डीएमआरसी ने कहा कि वह मेट्रो यात्रियों के लिए सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क है। उन्हें कोई असुविधा न हो इसके लिए वह हमेशा तत्पर रहने की बात कही।

डीएमआरसी के अधिकारी अनुज दयाल ने कहा कि  एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें सांप तो नहीं दिख रहा है, लेकिन कथित तौर पर दावा किया जा रहा है कि महिला कोच में सांप देखा गया है। गुरुवार शाम को कोच में सवार यात्रियों से सूचना मिलने पर डीएमआरसी ने तुरंत कार्रवाई की।

जांच के बाद कोच में मिली छिपकली: डीएमआरसी

उन्होने कहा कि ट्रेन को अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर खाली कराकर गहन जांच के लिए डिपो भेज दिया गया। संबंधित टीम द्वारा डिपो में ट्रेन की फुटेज और कोच की जांच के बावजूद कोई सांप नहीं मिला। हालांकि, निरीक्षण के दौरान एक छोटी छिपकली देखी गई।

उन्होंने कहा कि डीएमआरसी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है और उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए त्वरित कार्रवाई करता है। हम यात्रियों से सतर्क रहने और ऐसी किसी भी परेशानी की सूचना हमारे कर्मचारियों को तुरंत कार्रवाई के लिए देने का आग्रह करते हैं।

सोशल मीडिया पर आया मजेदार रिएक्शन

वहीं सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर यूजर्स ने भी जमकर रिएक्शन दिए हैं।  शुभम सिसोदिया नामक यूजर ने लिखा- ट्रैफिक से लेकर वन्यजीवों तक दिल्ली कभी किसी को नाराज नहीं करती है। वहीं गौतम नामक यूजर ने लिखा- अरे भाई उसको भी कहीं जाना होगा। इतना डर क्यों रहे हो? एक अन्य यूजर ने लिखा कि अरे वो मेरा बॉस होगा। ध्यान से, अगर वो मर गया तो मुझे सैलरी भी नहीं मिलेगी।