Skip to main content
  ससुर ही निकला हत्यारा, बहू का चुन्नी से दबाया था गला...फिर 10 फुट गहरे गड्डे में दफनाया

पल्ला थाने के रोशन नगर में विवाहिता को दफनाने के मामले में पुलिस ने मृतका के ससुर भूप सिंह को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में में 21 अप्रैल की देर रात को भूप सिंह ने ही अपनी बहू तन्नू की गला दबाकर हत्या की थी। फिर उसके शव को गली में खोदे गए गड्ढे में फेंक दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी।

फरीदाबाद। पल्ला थाने के रोशन नगर में विवाहिता को दफनाने के मामले में पुलिस ने मृतका के ससुर भूप सिंह को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ में 21 अप्रैल की देर रात को भूप सिंह ने तन्नू की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी।

उस समय उसका बेटा अरुण कहीं बाहर गया हुआ था। पत्नी सोनिया किसी शादी समारोह में थी। बेटी काजल भूतल पर बने कमरे में कूलर चलाकर सो रही थी। मौका पाकर भूप सिंह तन्नू के कमरे में घुस गया और वारदात को अंजाम दिया।

उसके शव को बाहर गली में पहले से ही खोदे गए गड्ढे में फेंक दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी ताकि किसी को पता न चल सके। 24 अप्रैल को पल्ला थाने में तन्नू के गुमशुदा होने की शिकायत दी। अगले दिन पुलिस ने रपट दर्ज की।

हालांकि पुलिस की इस कहानी पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे पहला तो यह है कि भूप सिंह ने यदि तन्नू की हत्या कर भी दी तो पहली मंजिल से उसके शव को गड्ढे तक जाना इतना आसान काम नहीं है। क्योंकि भूप सिंह बुजुर्ग हैं। इस दौरान कोई आवाज नहीं हुई, बेटी को पता तक नहीं लगा।

फिर जब उसका बेटा अरुण व पत्नी सोनिया आई तो उन्होंने भूप सिंह से सवाल क्यों नहीं किए कि तन्नू कहां है। वह अचानक रात को कैसे गायब हो गई। इन सभी सवालों के जवाब में पुलिस केवल यह कह रही है कि भूप सिंह को दो दिन के रिमांड पर लिया है। पता किया जाएगा कि इस मामले में अरुण और परिवार के अन्य सदस्यों की कितनी भूमिका है।

सूत्रों से पता चला है कि इस हत्याकांड को परिवार के एक सदस्य के ऊपर मढ़ने की तैयारी है ताकि बाकी सदस्यों को बचाया जा सके। इसलिए पूरी सच्चाई सामने नहीं आ पा रही है। पुलिस भी इस मामले में पूरी जानकारी देने से बच रही है। कई सवालों के जवाब में पुलिस गोलमोल कर रही है।

एसीपी सराय राजेश कुमार के अनुसार जून 2023 में आकाश व तन्नु की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन चलती रहती थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मूल रूप से यूपी के मैनपुरी के पीते का नंगला क्षेत्र के रहने वाले भूप सिंह परिवार सहित यहां रोशन नगर की गली नंबर एक में रह रहे हैं। परिवार में इनके एक बेटा अरुण सिंह, पत्नी सोनिया व बेटी काजल है। अरुण व उसके पिता ने नवीन नगर में ही कपड़ों की सिलाई की वर्कशॉप लगा रखी है।

अरुण की शादी दो साल पहले यूपी के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा में रहने वाले हाकिम की बेटी तन्नू कुमारी से हुई थी। इनके कोई संतान नहीं है। हाकिम ने बताया कि बेटी को उसके ससुराल वाले परेशान करते थे और दहेज लाने की मांग की जाती थी।

उन्होंने बेटी की हत्या का शक जताया था। लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। अब जब पुलिस पर दबाव पड़ा और खोदाई की गई तो सड़ी गली अवस्था में शव मिल गया।

गुमशुदा पत्नी के पोस्टर कर रहा था चस्पा

रपट दर्ज कराने के बाद अरुण ने पत्नी के गुम होने का पोस्टर बनवाया। इसमें उसकी फोटो, नाम सहित अन्य जानकारी व अपने फोन नंबर लिखवाए। सूचना देने वाले को इनाम देने की बात भी लिखी हुई थी।

News Category