Skip to main content

बरेली मीरगंज समाचार

उoप्रo: मीरगंज में एक बेहद अमानवीय और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर मरी एक अज्ञात युवती के कटे पैर को आवारा कुत्तों ने अपना निवाला बना लिया 

उo प्रo: मीरगंज में एक बेहद अमानवीय और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर मरी एक अज्ञात युवती के कटे पैर को आवारा कुत्तों ने अपना निवाला बना लिया. यह घटना सोमवार देर रात की है, जब युवती की ट्रेन हादसे में मौत हुई थी, लेकिन जीआरपी बरेली की घोर लापरवाही के कारण उसके  शरीर का एक हिस्सा घटना स्थल पर ही पड़ा रहा जानकारी के अनुसार, सोमवार रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच नगरिया सादात रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग संख्या 379 सी से लगभग 40 मीटर पश्चिम दिशा में खंभा नंबर 1340/17-18 के पास ट्रेन से कटकर एक अज्ञात युवती की मौत हो गई थी। शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत होकर रेलवे ट्रैक और उसके आसपास बिखरा पड़ा था।  

सूचना मिलने पर जीआरपी बरेली ने मौके पर पहुंचकर क्षत-विक्षत शव को तो कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया था, लेकिन युवती के अन्य अंगो को तलाशने में लापरवाही बरती गई। इसी लापरवाही का नतीजा था कि युवती का धड़ से कटा हुआ एक पैर आसपास की झाड़ियों में पड़ा रह गया. घटना के लगभग 40 घंटे बाद, यानी बुधवार दोपहर को, आवारा  कुत्तों का एक झुंड कटे हुए पैर को रेलवे लाइन के समीप बसी मौर्य नगर कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में झाड़ियों में ले गया और उसे नोच-नोच कर खाने लगा। जब  बस्ती के निवासियों ने यह दिल दहला देने वाला दृश्य देखा, तो पूरे नगर में इसकी चर्चा फैल गई। 

किसी तरह यह सूचना मीरगंज कोतवाली पुलिस तक पहुँची. स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर युवती के अवशेष पैर को अपने कब्जे में लिया. मीरगंज पुलिस अब इन अवशेषों को जीआरपी को सौंपेगी. मीरगंज थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि जीआरपी ने रात के दौरान घटनास्थल के समीप क्षत-विक्षत अंगों की तलाश में रेस्क्यू किया होगा, और संभवतः धोखे से यह अंग आसपास रह गया होगा। उन्होंने कहा कि कोतवाली पुलिस ने अवशेष अंग को कब्जे में ले लिया है और जीआरपी को सूचित कर दिया गया है. अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।  यह घटना रेलवे और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।