Skip to main content

लालू प्रसाद यादव 13वीं बार राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। राष्ट्रीय परिषद ने पार्टी के स्थापना दिवस पर उनके निर्वाचन पर मुहर लगाई। लालू ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे उन पर किए गए विश्वास पर खरे उतरेंगे और टिकट वितरण में सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। तेजस्वी ने भी क्षेत्र भ्रमण पर जोर दिया। नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प लिया।

पटना। लालू प्रसाद यादव लगातार 13वें कार्यकाल के लिए निर्विरोध राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हो गए है। कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं होने के कारण 24 जून को नामांकन वापसी के दिन ही उनका निर्वाचन हो गया था।

शनिवार (05 जुलाई) को राष्ट्रीय परिषद ने उस पर अंतिम मुहर लगा दी। संयोग से वह पार्टी का स्थापना दिवस भी रहा। वर्ष 1997 में 05 जुलाई को ही राजद की स्थापना हुई थी।

निर्वाचन के बाद पार्टी नेताओं से लालू ने कहा कि आपने हम पर विश्वास किया, उस पर खरा उतरेंगे। आप निश्चिंत रहिए। आप सबों में ही किसी को टिकट मिलेगा। संगठन के स्तर पर अभी सर्वेक्षण हो रहा है। इसलिए क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाइए, क्योंकि काम के आधार पर ही टिकट का वितरण होगा।

गणेश परिक्रमा से नहीं मिलेगा टिकट

तेजस्वी यादव ने भी एक बार फिर दोहराया कि गणेश-परिक्रमा से नहीं, बल्कि क्षेत्र-परिक्रमा करने वालों को ही विधानसभा चुनाव में टिकट मिलेगा।

बापू सभागार में हुई राष्ट्रीय परिषद की बैठक सह खुला अधिवेशन में राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी रामचंद्र पूर्वे और राष्ट्रीय सह निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन ने लालू को निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपा। इस मौके पर पार्टी के सभी नेताओं ने एकजुट होकर चुनावी मैदान में जाने और गठबंधन की सरकार बनाने का संकल्प लिया।

लालू ने कहा कि हमने सदैव पार्टी को प्राथमिकता दी है। विपरीत परिस्थिति में भी विचारधारा से समझौता नहीं किया। मंडल आयोग की अनुशंसाओं को लागू करवाया। लोहिया की नीति पर अमल किया। तीन-चार महीने में बिहार में विधानसभा का चुनाव होना है।

'इस बार चूकना नहीं है'

लालू यादव ने कहा कि इस बार नहीं चूकना है। एकजुट होकर रहिए। मिल-जुलकर सरकार बनाएंगे। लालू यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस संविधान और लोकतंत्र की हत्या करने पर तुले हुए हैं।

उन्होंने तेजस्वी की जी-भरकर प्रशंसा की और पार्टी-जनों से आह्वान किया कि तन-मन से उनका साथ दीजिए।

News Category