गुरुग्राम में टेनिस स्टार राधिका यादव के शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में पता चला कि राधिका को चार गोलियां लगी थीं। डॉक्टरों के अनुसार कोई भी गोली सामने से नहीं मारी गई थी। तीन गोलियां पीछे से सीने के पास और एक गोली साइड से कमर के पास लगी थी जो शरीर से निकल गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुरुग्राम। टेनिस स्टार राधिका यादव के शव का डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया। उसके शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने किया, जिसमें पता चला कि उन्हें चार गोलियां लगी थीं।
डॉक्टरों के अनुसार, कोई भी गोली सामने से नहीं मारी गई। तीन गोलियां पीछे से सीने के पास और एक गोली साइड से कमर के पास लगी थी, जो शरीर से निकल गईं।
बता दें, राष्ट्रीय स्तर की 25 वर्षीय टेनिस स्टार राधिका यादव की गुरुवार सुबह उसके पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच के अनुसार, दीपक गांव वालों के तानों से परेशान था।
टेनिस अकादमी खोले जाने से पिता को थी आपत्ति
उसे राधिका की टेनिस अकादमी खोले जाने पर भी आपत्ति थी और उसने कई बार बेटी से इसे बंद करने को कहा था, लेकिन राधिका ने इनकार कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी होता था। गुस्से में आकर दीपक ने राधिका पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
राधिका ने किया था म्यूजिक वीडियो 'कारवां' में काम
राधिका का सोशल मीडिया पर सक्रिय होना और इन्फ्लुएंसर बनने की इच्छा भी उनके पिता को पसंद नहीं थी। हत्या के बाद राधिका का एक म्यूजिक वीडियो 'कारवां' सामने आया, जिसमें वह नजर आ रही हैं। इस वीडियो को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि इसका हत्या से कोई संबंध हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
- Log in to post comments
- 3 views