खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार आतंकवादी समूह उच्च शिक्षण संस्थानों को निशाना बना सकते हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) सहित देशभर के शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के लिए पत्र लिखा है। परिसर में संदिग्ध लोगों का प्रवेश रोकने और स्कैनर से बैग की चेकिंग कराने की सलाह दी गई है।
अलीगढ़। आतंकवादी समूह उच्च शिक्षण संस्थानों को निशाना बना सकते हैं। खुफिया एजेंसी ने देशभर के शिक्षण संस्थानों को लेकर सरकार को ऐसी ही रिपोर्ट दी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) सहित देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों के कुलपति व संस्थान प्रमुखों को पत्र लिखकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के लिए कहा है। परिसर में संदिग्ध लोगों का प्रवेश रोकने, स्कैनर से बैग आदि की चेकिंग कराने की सलाह दी है।
अधिकारियों व कर्मचारियों को न केवल कार्यालय में प्रवेश के समय, बल्कि कार्यालय भवन में रहने की अवधि के दौरान भी अपने पहचान पत्र प्रदर्शित करने को कहा है। सीसीटीवी कैमरों पर भी जोर दिया गया है। शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव एसई रिजवी की ओर से जारी पत्र में शिक्षण संस्थानों को रणनीतिक रूप से असुरक्षित माना गया है।
पत्र में कहा है कि खुफिया एजेंसी के आकलन के अनुसार, कुछ आतंकवादी समूह अपने स्थानीय समर्थकों के साथ उच्च शिक्षण संस्थानों व महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ और आतंकवादी गतिविधियां कर सकते हैं। इसलिए भौतिक संपत्तियों की सुरक्षा प्रोटोकॉल को मजबूत करें। क्या करें, क्या न करें इसके लिए सुरक्षा मैन्युअल भी बताया गया है।
सुझाव दिए हैं कि नियमित या कभी-कभी प्रवेश या निकास के समय सभी कर्मचारियों व आगंतुकों के बैग, ब्रीफकेस की तलाशी ले सकते हैं। सुरक्षाकर्मी आगंतुकों और उनके सामान की तलाशी लें। बैग या लिफाफों की गहन जांच की जानी चाहिए। सिविल कार्य करने के लिए अस्थायी श्रमिकों को उचित पास के आधार पर ही प्रवेश दें। इसके लिए ठेकेदार या किसी नामित अधिकारी के अनुरोध पर अधिकतम तीन दिन की वैधता अवधि वाले अग्रिम पास जारी किए जा सकते हैं।
एएमयू के प्रॉक्टर प्रो. एम वसीम अली ने बताया कि पत्र के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने पर काम चल रहा है। इस पर कार्ययोजना बनाने के लिए एक सुरक्षा अधिकारी नामित किया है। जल्द बैठक कर यूनिवर्सिटी की नए तरह से सुरक्षा व्यवस्था तय की जाएगी।
- Log in to post comments
- 4 views