Skip to main content
Hh

बिहार में कांग्रेस पार्टी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद से राजनीतिक बवाल मचा हुआ है। इस मामले में आरोपी रफीक रिजवी उर्फ राजा की गिरफ्तारी हो चुकी है। भाजपा इसको लेकर कांग्रेस के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रही है।

पहले, बिहार में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और अब ताजा घटनाक्रम गुजरात के सूरत से सामने आया है, जहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया और माफी की मांग की। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हाथापाई हुई।

पुलिस के सामने खूब चले डंडे

कांग्रेस समिति कार्यालय के बाहर पुलिस भी मौजूद थी। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता हाथों में डंडे वाले झंडे लिए हुए दिखे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'राहुल गांधी मुर्बादाबाद के नारे लगाए' और उनसे माफी मांगने की मांग की। ये कार्यकर्ता हाथ में तख्तियां लिए हुए थे, जिस पर स्लोगन लिखा हुआ था।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने फाड़ा कांग्रेस का झंडा

विरोध प्रदर्शन इतना जोर पर था कि पुलिस को स्थिति संभालना मुश्किल हो गया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए उसके झंडे भी फाड़े। इतना ही झंडे से चप्पलें भी साफ की गईं। उधर कांग्रेस कार्यकर्ता भी 'वोट चोरी बंद करो' के स्लोगन लिखे तख्तियां पकड़े दिखाई दिए।

क्या है मामला?

दरअसल, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाया है और इसी को लेकर उन्होंने बिहार में यात्रा निकाली। 28 अगस्त, 2025 को बिहार में एक रैली के दौरान पीएम मोदी की स्वर्गीय मां हीराबेन के लिए भरे मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। इस कार्यक्रम के पोस्टरों पर विपक्षी नेताओं के साथ-साथ राहुल गांधी और राजद के तेजस्वी यादव के भी पोस्टर लगे हुए थे।