Skip to main content

लखनऊ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के एक पदाधिकारी ने एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के खिलाफ हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शौकत अली पर महाराजा सुहेलदेव के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है जिससे करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यालय प्रभारी ने एआइएमआइएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के खिलाफ हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि शौकत अली ने महाराजा सुहेलदेव के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की और गलत बयान दिए।

बस्ती के सोनहा स्थित औड़ जंगल गांव निवासी धर्मप्रकाश चौधरी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया से उन्हें पता चला कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के यूपी प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव राजभर के खिलाफ निंदनीय व आपत्तिजनक टिप्पणी की है।

उनका आरोप है कि शौकत अली ने जानबूझ कर आपत्तिजनक बयान सार्वजनिक रूप से लोगों के मध्य दिया जो कि गलत है और इतिहास में दर्ज तथ्यों के भी विपरीत है। शौकत अली के बयान से देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।