Skip to main content

बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच के बाद बदमाशों की पहचान की। मुठभेड़ गाजियाबाद में हुई जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। वे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह के सदस्य हैं। 

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के बरेली में 12 सितंबर की सुबह लगभग 3:45 बजे अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले बदमाशों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

दिशा पाटनी के घर फायरिंग के बाद बरेली के थाना कोतवाली में केस दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और क्राइम रिकॉर्ड की गहन जांच के बाद हमला करने वाले बदमाशों की पहचान की गई।

इस हमले को अंजाम देने वाले दो आरोपियों की पहचान रविन्द्र पुत्र कल्लू निवासी कहनी, रोहतक और अरुण पुत्र राजेंद्र निवासी इंडियन कॉलोनी गोहना रोड, सोनीपत के रूप में हुई।

17 सितंबर को को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस की सीआई यूनिट की संयुक्त टीम से बदमाशों की गाजियाबाद के लोनी स्थित थाना ट्रॉनिका सिटी में मुठभेड़ हुई।

जिसमें दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती भेजा गया है।दोनों आरोपी कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं।

दोनों बदमाश कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। मौके से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। 

News Category