Skip to main content

बरेली समाचार 

बरेली बवाल के मामले में मंगलवार को बीडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। शहर के बानखाना में सपा पार्षद उमान रजा के अवैध चार्जिंग स्टेशन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। उधर, नरियावल में मौलाना तौकीर के करीबी शराफत का बरातघर सील किया गया है

बरेली में बवाल की साजिश रचने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबियों और रिश्तेदारों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मंगलवार को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बानखाना मोहल्ले में बड़ी कार्रवाई की। यहां सपा पार्षद उमान रजा के दो अवैध चार्जिंग स्टेशन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। बताया गया कि चार्जिंग स्टेशन नगर निगम की जमीन और नाले पर बनाए गए थे। पार्षद उमान का तीसरा चार्जिंग स्टेशन विद्युत चोरी से संचालित होता पाया गया। इस पर भी कार्रवाई की गई है। 

तौकीर रजा का रिश्तेदार हिरासत में 
मौलाना तौकीर रजा के रिश्तेदार मोहसिन रजा खान और उसके भाई को हिरासत में लिया गया है। मोहसिन रजा मननानी मियां का दामाद है। मोहसिन के घर पर कार्रवाई करने के लिए बीडीए और नगर निगम की टीम पहुंची थी। इस दौरान मोहसिन रजा की अफसरों से तीखी नोकझोंक हो गई। मोहसिन ने आंवला भाजपा जिलाध्यक्ष पर आरोप लगाया और कहा कि यह मामला सिर्फ राजनीतिक है। वह 2005 में आईएमसी छोड़ चुके हैं। तौकीर रजा से कोई वास्ता भी नहीं है। 

तौकीर से कोई वास्ता नहीं- मोहसिन 
मोहसिन ने कहा कि तौकीर रजा से उसका कोई वास्ता नहीं है। यह सब भाजपा आंवला जिलाध्यक्ष के कहने पर हो रहा है। उन्होंने पहले भी उन पर गोकशी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मोहसिन के पिता ने कोर्ट का स्टे ऑर्डर दिखाया तो टीम ने कार्रवाई रोकी। वहीं मोहसिन रजा और उसके भाई को हिरासत में ले लिया गया है। मोहसिन रजा के घर के सामने ही नाले पर अवैध चार्जिंग स्टेशन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।

तौकीर के करीबी शराफत का बरातघर सील 
बीडीए की टीम ने शाहजहांपुर रोड स्थित नरियावल में हमसफर बरातघर को सील कर दिया है। ये बरातघर शराफत का है, जो शहर के सूफीटोला का निवासी है और मौलाना तौकीर रजा का बेहद करीबी बताया जाता है। बीडीए की टीम मंगलवार को भारी पुलिस बल के साथ हमसफर बरातघर पहुंची और सीलिंग की कार्रवाई की। टीम ने नोटिस चस्पा किया है, जिसके मुताबिक अवैध तरीके से निर्माण करने पर यह कार्रवाई की गई है।