जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव पर बिहार को 'सोने की लंका' बनाने की बात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में रोजगार नहीं दिए गए और अब जनता को भ्रमित किया जा रहा है। किशोर ने एनडीए को हटाने और जन सुराज की नई व्यवस्था स्थापित करने की बात कही। उन्होंने प्रवासियों के मुद्दे पर सरकार पर हमला किया और लोगों से बिहार में सुधार के लिए वोट करने की अपील की।
मांझा (गोपालगंज)। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने गुरुवार की देर शाम बरौली बाजार में रोड शो के दौरान प्रेस वार्ता में कहा कि तेजस्वी यादव अब बिहार को ‘सोने की लंका’ बना देने की बातें भी कर सकते हैं।
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पिछले 78 वर्षों में केवल 26 लाख लोगों को सरकारी नौकरी मिली, जिसमें तेजस्वी यादव की 18 साल की सरकार में रोजगार नहीं दिए जा सके।
उन्होंने कहा कि अब घर-घर सरकारी नौकरी देने की बातें कर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है, लेकिन लोग अब इनके झांसे में नहीं आएंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता एनडीए को हटाने और जंगलराज वापस नहीं लाने के लिए तैयार है। बिहार में अब जन सुराज की नई व्यवस्था स्थापित होगी।
त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ और बिहार आने वाली ट्रेनों को रोके जाने पर भी किशोर ने हमला किया। उनका कहना था कि यदि लोग अपने बच्चों के भविष्य के लिए सजग नहीं होंगे, तो उन्हें गुजरात-महाराष्ट्र जाकर मजदूरी करनी पड़ेगी और फिर मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
किशोर ने कहा कि जो प्रवासी बिहार लौट रहे हैं, वे जन सुराज की सरकार बनाने का संकल्प लेकर आए हैं, इसलिए सरकार डर रही है और ट्रेनें रोकी जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब बिहार में सुधार के लिए वोट दें, ताकि किसी को रोज़गार के लिए बाहर न जाना पड़े।
- Log in to post comments
- 5 views