बरेली समाचार
बरेली में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने से इन्कार करने पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने सफाई नायक को पीटा। आरोपियों ने उनकी जेब से रुपये भी निकाल लिए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने से मना करने पर सफाई नायक हेमंत कुमार के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ समेत पांच नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में शनिवार की रात रिपोर्ट दर्ज की गई। घटना नगर निगम के जन्म-मृत्यु कार्यालय में हुई। पीड़ित ने पूरी घटना सीसी कैमरे में रिकॉर्ड होने का दावा किया है।
आंवला के घेर अन्नू खां, निकट स्टेट बैंक निवासी सफाई नायक हेमंत कुमार के मुताबिक घटना सात नवंबर दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। हेमंत के मुताबिक वह सरकारी कार्य से जन्म-मृत्यु कार्यालय में गए थे। वहां पर सिगरेट गोदाम वाली गली नेकपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ का बेटा सत्यार्थ प्रताप सिंह व उसका भतीजा आया हुआ था। सत्यार्थ ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने को कहा। इस बात से इन्कार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर धमकाना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराकर मामले को शांत करा दिया। इसके कुछ समय बाद दोपहर करीब ढाई बजे अभिषेक भारद्वाज और हिस्ट्रीशीटर काशीनाथ ने फोन कर उसे जन्म-मृत्यु कार्यालय के बाहर बुलाया।
आरोप है कि वहां पहुंचते ही सत्यार्थ प्रताप सिंह, उसका चचेरा भाई, उसका पिता काशीनाथ और अमित व अभिषेक भारद्वाज के अलावा कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उसे हेलमेट से पीटा गया और उसी दौरान उसके गले की चेन कहीं गिर गई। इस बीच हमलावरों ने उसकी जेब में रखे 6500 रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए। इस संबंध में कोतवाली थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले से दो जन्म प्रमाण पत्र होने का आरोपियों ने किया था दावा
दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक काशीनाथ के बेटे ने हेमंत से कहा था कि उसके पहले से दो जन्म प्रमाण पत्र बन चुके हैं और अब वह तीसरा बनवाना चाहता है। इस पर हेमंत ने मना करते हुए कहा कि नगर निगम से एक व्यक्ति का एक ही जन्म प्रमाण पत्र बन सकता है। इसी पर सत्यार्थ और काशीनाथ का भतीजा भड़क गया। उन्होंने कहा कि एक घंटे में जन्म प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने दोबारा षड्यंत्र रच कर उसे बुलाया था।
हिस्ट्रीशीटर ने दिखाई हेकड़ी, पैर छुए तब बख्शी जान
हेमंत के मुताबिक मारपीट के दौरान काशीनाथ चिल्लाते हुए कहता रहा कि उसका नाम बरेली में किसी से भी पूछ लेना। वह जिले का जाना-माना हिस्ट्रीशीटर है। धमकी देते हुए यह भी कहा कि किसी भी थाने या कहीं और शिकायत की तो वह उसे बरेली के किसी भी चौराहे पर जान से मरवा देगा। इसके साथ ही कहा कि बेटे सत्यार्थ के पैर छूकर माफी मांगों तभी जान बख्शेंगे। इसके बाद हेमंत ने पैर छूकर माफी मांगी, तब जाकर उसे छोड़ा गया। हेमंत ने बताया कि यह पूरा वाकिया नगर निगम में लगे सीसी कैमरे में भी देखा जा सकता है।
- Log in to post comments
- 5 views