Skip to main content

बरेली अवधेश शर्मा

बरेली: भुता थाना क्षेत्र के रसूल चौराहे पर शुक्रवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब चावल और मैदा से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरा ट्रक धू-धूकर जलने लगा। ट्रक में भरे चावल, मैदा और अन्य सामान जल गया। इसी दौरान ड्राइवर और कंडक्टर आग की लपटों के बीच फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास जाना भी मुश्किल हो रहा था, लेकिन थाना प्रभारी और उनकी टीम ने बिना अपनी जान की परवाह किए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की वजह से दोनों की जान बच गई, वरना हादसा बड़ा रूप ले सकता था।

मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक थोड़ी ही देर पहले चौराहे पर खड़ा हुआ था। अचानक आगे वाले हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही सेकेंड में ट्रक के इंजन में आग भड़क उठी। जब तक ड्राइवर और कंडक्टर कुछ कर पाते, लपटों ने तेज रूप ले लिया। ऐसे में पुलिस द्वारा किए गए रेस्क्यू ने दोनों को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया।

सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

इस हादसे में ट्रक मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, सबसे बड़ी राहत यह रही कि भुता पुलिस की बहादुरी से किसी की जान नहीं गई। स्थानीय लोगों ने भी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार और उनकी टीम की जमकर सराहना की, जिन्होंने बिना देर किए जोखिम उठाकर मानवीयता का उदाहरण पेश किया।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चेक कराते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

News Category