बरेली समाचार
बरेली:आज जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा बीजेपी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन केंद्र की बीजेपी सरकार द्वारा महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को निरस्त करने अथवा उसका नाम बदलकर नया विधेयक लाने की कोशिश के विरोध में आयोजित किया गया।यह प्रयास न केवल अत्यंत चिंताजनक, बल्कि एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसका उद्देश्य एक ऐतिहासिक, अधिकार-आधारितजनकल्याणकारी कानून को कमजोर करना तथाभारत के सबसे प्रभावी सामाजिक सुरक्षा कानून से राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के नाम और मूल्यों को मिटाना है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने कहा कि मनरेगा का जन्म जनसंघर्ष से हुआ है। इस कानून ने “हर हाथ को काम दो, काम का पूरा दाम दो” का वादा किया। इसने ग्रामीण भारत को काम मांगने का कानूनी अधिकार दिया, 100 दिनों के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की, विकेंद्रीकृत शासन को मजबूत किया, महिलाओं एवं भूमिहीन श्रमिकों को सशक्त बनाया तथा श्रम की गरिमा को बनाए रखा। लेकिन वर्तमान सरकार मनमानी पर उतर आई है, जिसका कांग्रेस पार्टी सहित पूरा विपक्ष विरोध करता है।
महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि मनरेगा का नाम बदलना बीजेपी-आरएसएस की महात्मा गाँधी के मूल्यों के प्रति लंबे समय से चली आ रही असहजता और अविश्वास को दर्शाता है। यह राष्ट्रपिता के नाम को जन-केंद्रित कल्याणकारी कानून से हटाने का प्रयास है और सरकार इस अधिनियम के माध्यम से ग्रामीण जनता के अधिकार समाप्त करना चाहती है। जिस तरह से बीजेपी सरकार मनमाने फैसले ले रही है, कांग्रेस पार्टी और पूरा विपक्ष उसका पुरजोर विरोध करता है।
पण्डित राज शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी हर भारतीय के दिल में बसते हैं। यदि सरकार के मन में गाँधी जी के प्रति सम्मान नहीं है, तो ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार भी नहीं है। गाँधी जी के नाम को हटाना देश की आत्मा की हत्या के समान है बीजेपी की जनता विरोधी नीतियों के कारण कांग्रेस का हर कार्यकर्ता देश को बचाने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गया है।मुख्यरूप से पंडित राज शर्मा, डॉ मेहंदी हसन, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, विनोद कुमार, डॉ. सरताज हुसैन, रमेश श्रीवास्तव, तीरथ मधुकर, मुकेश वाल्मीकि, मोबिन कुरैशी, डॉ आशिफ हुसैन, साहिब सिंह जावेद अजरी, लकी सिंह, आसिफ अली, कमरुदिन सेफी, आरिफ, जीतेन्द्र बाबू,नजमा जोया, मुजम्मिल हुसैन एवं मनोज कुमार घोष आदि उपस्थित रहे I
- Log in to post comments
- 60 views