Skip to main content

Navabganj: सड़क निर्माण मे हो रहा रसोई गैस सिलेंडर का प्रयोग, ठेकेदार कर रहा मनमानी

नवाबगंज बरेली: जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के बीच सड़क निर्माण कार्य मे नियमों की खुलेआम अनदेखी सामने आई है। रिछोला किफायतुल्लाह से टांडा सादात तक बन रही सड़क पर डामर पिघलाने के लिए घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा है जबकि क्षेत्र में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर पाने के लिए मारामारी झेलनी पड़ रही है। निर्माण कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी अवर अभियंता पर होती है लेकिन मौके पर निरीक्षण न होने से ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं और विभागीय अधिकारी मौन बने हुए हैं। नवाबगंज क्षेत्र मे रिछोला किफायतुल्लाह से टांडा सादात तक बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण स्थल पर डामर पिघलाने के लिए भट्टी को जलाए रखने में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का प्रयोग किया जा रहा है। नियमों के मुताबिक सड़क निर्माण में डामर को पिघलाने के लिए निर्धारित मशीनों और औद्योगिक ईंधन का इस्तेमाल होना चाहिए, लेकिन इसके विपरीत यहां खुलेआम घरेलू एलपीजी गैस का उपयोग किया जा रहा है। क्षेत्र मे इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों को लेकर भारी किल्लत बनी हुई है। गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग रही हैं और लोगों को समय पर सिलेंडर नही मिल पा रहा है। ऐसे समय में सड़क निर्माण कार्य में घरेलू गैस का इस्तेमाल होना कई सवाल खड़े कर रहा है।।