Skip to main content

बरेली: झोलाछाप डॉक्टर का खुला खेल, समाज सेवा के नाम पर मरीज के स्वास्थ्य से खिलवाड़

बरेली के कंधरपुर गांव में बिना डिग्री झोलाछाप डॉक्टर क्लिनिक चलाता मिला। “समाजसेवा” के नाम पर मरीजों की जान से खिलवाड़, प्रशासन पर सवाल।

बिना डिग्री रफीक चला रहा था अवैध क्लिनिक

“समाजसेवा” के नाम पर मरीजों की जान से खिलवाड़

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल

जांच के आश्वासन पर उठे सवाल, कार्रवाई का इंतजार

RGANews समाचार 

जिस दरवाज़े पर लोग इलाज की उम्मीद लेकर जाते हैं… अगर वहीं से मौत का खतरा मिलने लगे, तो समझिए इंसान नहीं, व्यवस्था बीमार हो चुकी है।”

बिना योग्यता, इलाज का धंधा जारी

बरेली: विशारतगंज थाना क्षेत्र के कंधरपुर गांव में झोलाछाप डॉक्टरों का एक और खौफनाक चेहरा सामने आया है। रफीक नाम का युवक बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री, रजिस्ट्रेशन या योग्यता के खुलेआम क्लिनिक चला रहा है। जब उससे उसकी योग्यता पर सवाल किया गया, तो उसने बेखौफ जवाब दिया—“मेरे पास कोई डिग्री नहीं है, लेकिन मैं समाजसेवा कर रहा हूं।” यह बयान न सिर्फ हैरान करता है, बल्कि पूरे सिस्टम पर तमाचा भी है।

“समाजसेवा” या जान से खिलवाड़?

रफीक का यह दावा कि वह समाजसेवा कर रहा है, कई गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या बिना पढ़ाई और प्रशिक्षण के इलाज करना समाजसेवा है, या फिर यह सीधे-सीधे लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़? ऐसे झोलाछाप डॉक्टर न केवल अवैध कमाई कर रहे हैं, बल्कि मासूम मरीजों को खतरे में डाल रहे हैं। प्रशासन की चुप्पी इस खतरे को और बढ़ा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं दर्दनाक घटनाएं

बरेली जिले में झोलाछाप डॉक्टरों की लापरवाही से कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। गलत इंजेक्शन से मौत, गलत इलाज से बिगड़ी हालत, महिलाओं और बच्चों की जिंदगी खतरे में डालना क्या ये घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। इसके बावजूद न तो सख्त कार्रवाई दिखती है और न ही नियमित छापेमारी। आखिर कब तक लोगों की जान के साथ यह खेल चलता रहेगा?

प्रशासन पर सवाल, कार्रवाई कब?

मामले में एमओआईसी मझगवां सुनील गुप्ता ने कहा है कि “जांच कर कार्रवाई की जाएगी।” लेकिन यही सवाल हर बार उठता है कि जांच कब पूरी होगी और कार्रवाई कब होगी? क्या फिर किसी की मौत के बाद ही प्रशासन जागेगा? आखिर इन झोलाछाप डॉक्टरों को इतनी हिम्मत कौन दे रहा है? जनता अब जवाब चाहती है और सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।

News Category