Skip to main content

पति मैसेज चेक करता... चरित्र पर सवाल उठाता, महाराष्ट्र में 26 वर्षीय महिला डॉक्टर ने की आत्महत्या; सात पन्नों का लिखा सुसाइड नोट

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर से एक 26 वर्षीय नवविवाहित महिला डॉक्टर के खुदकुशी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुबातिक महिला का पति उसका उत्पीड़न कर रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर के परिवार की शिकायत पर सिडको पुलिस थाने में संदिग्ध पति के खिलाफ दहेज हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

 छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में एक 26 वर्षीय नवविवाहित डॉक्टर ने अपने पति से उत्पीड़न का सामना करने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर प्रतीक्षा भुसारे, जिनकी शादी पांच महीने पहले हुई थी और जो हाल ही में छत्रपति संभाजीनगर के एक प्रमुख निजी अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी के रूप में ज्वाइन की थीं। डॉक्टर प्रतीक्षा ने रविवार को अपने घर में छत के पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।

सात पन्नों का एक छोड़ा सुसाइड नोट

उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने पति पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सात पन्नों का एक नोट छोड़ा है और इस चरम कदम के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया है। अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर के परिवार की शिकायत पर सिडको पुलिस थाने में संदिग्ध पति के खिलाफ दहेज हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।

सात पन्नों के सुसाइड नोट में पति पर लगाए आरोप

पुलिस अधिकारी ने कहा कि सात पन्नों के सुसाइड नोट में उनके पति द्वारा उन्हें दिए गए उत्पीड़न का विवरण है। क्योंकि वह उनके चरित्र पर सवाल उठाते थे और उनके फोन कॉल रिकॉर्ड और संदेशों की जांच करते थे। इस जोड़े की शादी इसी साल 27 मार्च को हुई थी। अधिकारी ने बताया कि महिला के पिता ने आरोप लगाया कि पति, जिसने रूस से एमबीबीएस किया है, अपना अस्पताल खोलना चाहता था और अपनी बेटी पर माता-पिता से पैसे लाने के लिए लगातार दबाव डाल रहा था।